अरबिंदो कॉलेज की एनएसएस इकाई ने ‘‘ पॉज़ एंड प्रोटेक्ट ’’ के माध्यम से दिया कुत्तों के काटने से बचाव का संदेश

नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध श्री अरबिंदो कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा मंगलवार को कुत्तों के काटने से बचाव और सुरक्षित मानव-पशु व्यवहार के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘‘ पॉज़ एंड प्रोटेक्ट ’’ नामक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को दैनिक जीवन में कुत्तों के साथ व्यवहार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि उनके साथ मानवीय व्यवहार करें और परिवार में रहे तथा बाहर वाले पशुओं के साथ भी वैसा ही व्यवहार करें।
अरबिंदो कॉलेज के मीडिया संयोजक प्रोफेसर हंसराज सुमन ने बताया है कि हमें दैनिक जीवन में कुत्तों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए ताकि उन्हें भी ऐसा महसूस हो कि यह हमारे मालिक नहीं बल्कि परिवार के सदस्य हैं । कुत्तों के साथ भी मानवीय व्यवहार करें , वे भी समाज से प्यार चाहते हैं । वे क्रूर तब होते हैं जब उनके साथ मनुष्यवत व्यवहार नहीं किया जाता । उनसे बचाव व उनके व्यवहार के संबंध में भी जानकारी दी । प्रो.सुमन ने बताया कि कॉलेज की ओर से एनएसएस की टीम द्वारा कुत्तों के काटने , बचाव पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया । उनके अनुसार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चार अंकों का नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से कुत्तों के काटने की घटनाओं से बचाव के विभिन्न पहलुओं को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। पहले अंक में एक व्यक्ति को भोजन करते समय एक कुत्ते के पास आने की स्थिति को दर्शाया गया और समझाया गया कि भोजन करते हुए कुत्ते को परेशान करने या उसके बहुत करीब जाने से बचना चाहिए। उनकी प्रवृत्ति होती है कि कोई उन्हें खाते समय परेशान करता है तो वे गुस्से से बाहर हो जाते हैं और काटने लगते हैं ।
उन्होंने बताया है कि दूसरे अंक में एक शांत एवं मित्रवत दिखाई देने वाले कुत्ते के साथ बातचीत अथवा उसके पास जाने की स्थिति को प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से लोगों को समझाया गया कि किसी कुत्ते को मित्रवत देखकर भी उसके व्यक्तिगत स्थान का सम्मान करना तथा सावधानीपूर्वक व्यवहार करना आवश्यक है। इसी प्रकार नुक्कड़ नाटक के तीसरे अंक में कुछ स्कूली छात्राओं द्वारा कुत्ते को छेड़ने की स्थिति को प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कुत्तों को चिढ़ाना, डराना, दौड़ाना या उकसाना उनके आक्रामक व्यवहार का कारण बन सकता है और ऐसी परिस्थितियों से बचना चाहिए। ऐसी स्थिति में कभी – कभी वे गुस्सैल हो जाते हैं और आपे से बाहर हो काटने लगते हैं । नाटक के अंतिम अंक में पशुओं के प्रति हमारी जिम्मेदारी को प्रमुखता से सामने रखा गया। स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ पशुओं के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने, आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने तथा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी रखने का संदेश दिया गया।
एनएसएस कार्यक्रम संयोजिका आकृति सैनी ने बताया कि कॉलेज अपने छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से समय – समय पर नुक्कड़ नाटकों , वर्कशॉप , रैली निकालकर , भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित करते हैं । आज के कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने यह संदेश दिया कि कुत्तों के काटने की घटनाओं को रोकने के लिए केवल भय नहीं, बल्कि जागरूकता, सावधानी, संवेदनशीलता और जिम्मेदार व्यवहार करना आवश्यक है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वास्तविक जीवन की परिस्थितियों को प्रस्तुत कर लोगों को सरल एवं प्रभावी तरीके से जागरूक किया गया। और बताया गया कि उनके साथ मनुष्यवत व्यवहार करना चाहिए ताकि वे भी वैसा ही व्यवहार करें ।
इस अवसर पर एनएसएस इकाई ने प्रधानाचार्य प्रो. अरुण चौधरी के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही, कार्यक्रम अधिकारी सुश्री आकृति सैनी के निरंतर मार्गदर्शन, बहुमूल्य सुझावों और प्रोत्साहन के लिए भी आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम अधिकारी ने विषय से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए तथा स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सुचारु संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना समिति की मुख्य दल अध्यक्ष शिवम चौहान, उपाध्यक्ष शशिकांत कुमार, सचिव प्रिया पांडे, कोषाध्यक्ष दीपांशु एवं परियोजना समन्वयक कुलसूम के नेतृत्व में किया गया। आयोजन की सफलता में एनएसएस के समर्पित स्वयंसेवकों एवं पदाधिकारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मीडिया संयोजक प्रोफेसर हंसराज सुमन ने बताया कि अरबिंदो कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय का पहला ऐसा कॉलेज है जहाँ छात्रों को अध्ययन अध्यापन के साथ – साथ पाठ्य सहगामी क्रियाओं के माध्यम से करियर व व्यावहारिक जीवन की जानकारी दी जाती है । आज के नुक्कड़ नाटक ‘‘ पॉज़ एंड प्रोटेक्ट ’’ के माध्यम से एनएसएस ने कुत्तों के काटने से बचाव, सुरक्षित व्यवहार और पशुओं के प्रति जिम्मेदारी का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुँचाया। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट किया कि सही जानकारी और संवेदनशील व्यवहार अपनाकर मनुष्य और पशु दोनों के लिए सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाया जा सकता है।


