जनता की आवाज़ को दबाने वालों को सही समय पर सज़ा देगी जनता : चौधरी सुनील सिंह

लखनऊ : लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने लद्दाख, पर्यावरण, पेड़ों और देश के युवाओं के भविष्य की लड़ाई लड़ रहे सामाजिक कार्यकर्ता एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की है।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। जो लोग जल, जंगल, ज़मीन, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की आवाज़ बनते हैं, उन्हें बलपूर्वक दबाने का प्रयास लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की आवाज़ उठाने वालों को डराने और कुचलने का प्रयास कर रही है, लेकिन लोकतंत्र में सत्ता से बड़ी जनता होती है। देश की जनता सब देख रही है और सही समय पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। जनता की आवाज़ को दबाने वालों को सही समय पर सज़ा भी जनता ही देगी।



