कुलजीत सिंह चहल ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरो के आस पास ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अवश्य लगाएँ

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का जनआंदोलन बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) कल प्रातः 7 जुलाई, 2026 को अपने क्षेत्र के 34 स्थानों पर “मेगा ट्री प्लांटेशन ड्राइव” आयोजित करेगी। यह जानकारी एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज दी।
उन्होंने कहा कि माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी कल दिल्ली सरकार के 70 लाख वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसी अभियान के अंतर्गत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) भी अपने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित करेगी तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाएगी।
श्री चहल ने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत लगभग 600 वृक्ष एवं 50,000 झाड़ियाँ (Shrubs) लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए एनडीएमसी द्वारा 50,000 से अधिक गड्ढे पूर्व तैयार किए जा चुके हैं। अभियान के तहत पीपल, नीम, जामुन, इमली, चंपा, अशोक, गुलमोहर, अमलतास सहित अनेक देशी एवं पर्यावरण अनुकूल वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त हैमेलिया (Hamelia), जस्टिसिया (Justicia), कैना लिली (Canna Lily), चांदनी तथा अन्य सजावटी एवं देशी प्रजातियों की झाड़ियाँ भी रोपी जाएंगी, जिससे हरित क्षेत्र की जैव विविधता और सौंदर्य दोनों में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में एनडीएमसी के सभी परिषद सदस्य, विभागाध्यक्ष (HODs), अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ अलग अलग क्षेत्रो में पेड़ लगाकर भाग लेंगे।
श्री चहल ने कहा कि एनडीएमसी के लिए वृक्षारोपण केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जन-आंदोलन है। परिषद द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम – ऑन संडे’ अभियान के अंतर्गत लगातार 31 रविवारों से वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न राष्ट्रीय पर्वों, विशेष अवसरों एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान भी नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (MTA), विद्यालयों, विभिन्न संस्थानों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही है, जिसने इसे जनभागीदारी का एक सफल एवं प्रेरणादायी अभियान बना दिया है।
श्री चहल ने गर्व से बताया कि एनडीएमसी वर्तमान में अपने क्षेत्र में लगभग 1,450 एकड़ हरित क्षेत्र का रखरखाव कर रही है, जिसमें 6 प्रमुख उद्यान, 122 कॉलोनी पार्क, 981 सीपीडब्ल्यूडी अनुरक्षित पार्क, 52 विद्यालयीय हरित क्षेत्र, 51 राउंडअबाउट, 14 मार्केट गार्डन तथा लगभग 15,000 सड़क किनारे (Avenue) वृक्ष शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का केवल लगभग 3 प्रतिशत क्षेत्र होने के बावजूद एनडीएमसी दिल्ली के लगभग 55 प्रतिशत हरित आवरण में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
उन्होंने नई दिल्ली क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अवश्य लगाएँ तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।
श्री चहल ने कहा कि #EkPedMaaKeNaam_OnSunday जैसे अभियानों के माध्यम से एनडीएमसी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ, हरित, सतत एवं पर्यावरण-सचेत भारत के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। यह पहल जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा शहरी हरित क्षेत्रों के विस्तार के माध्यम से एक समावेशी, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल नई दिल्ली के निर्माण के प्रति एनडीएमसी की दृढ़ प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करती है।



