22 जून को महँगाई के खिलाफ डीएम कार्यालय सूरजपुर पर सीपीआई(एम) का विशाल प्रदर्शन

नोएडा : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), गौतम बुद्ध नगर कमेटी के आह्वान पर 22 जून 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा पर बढ़ती महँगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी आर्थिक नीतियों के खिलाफ विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
इस प्रदर्शन की तैयारी को लेकर पार्टी की दो महत्वपूर्ण बैठकें संपन्न हुईं। पहली बैठक सीपीआई(एम) बरौला सेक्टर-49 ब्रांच की बरौला शिव मंदिर पर कामरेड गंगेश्वर दत्त शर्मा के नेतृत्व में हुई, जिसमें ब्रांच सचिव कामरेड धर्मपाल चौहान सहित जयानंद, राकेश चौधरी, प्रदीप कुमार, राजकरण सिंह, रेखा चौहान, गुड़िया देवी, सरोज देवी, कल्पना आदि साथियों ने हिस्सा लिया।
दूसरी बैठक पार्टी की महिला ब्रांच की कामरेड आशा यादव व चंदा बेगम के नेतृत्व में पार्टी जिला कार्यालय, सेक्टर-8 नोएडा पर हुई। इसमें बेबी, गीता देवी, सलमा, कुसुम, पूनम देवी, मेहंदी, तलक आदि महिला साथी शामिल हुईं। इन बैठकों में जिला कमेटी सदस्य कामरेड भरत डेंजर, भीखू प्रसाद, रामसागर व गंगेश्वर दत्त शर्मा भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के प्रमुख मुद्दे:
1. बेलगाम महँगाई पर रोक: पिछले 15 दिनों में पेट्रोल-डीजल 10 रुपये व सीएनजी 6 रुपये तक महँगी हुई। 2014 से 2026 के बीच एलपीजी सिलेंडर 156%, सरसों तेल 144%, बस किराया 120% बढ़ा है। रसोई से सड़क तक हर चीज आम आदमी की पहुँच से बाहर हो रही है। 2. महिलाओं पर सबसे ज्यादा मार: आय घटने पर सबसे पहले रसोई का बजट कटता है। माँ अपने हिस्से का दूध बच्चों को दे देती है। महँगाई ने लाखों गृहणियों को चिंता, तनाव और असुरक्षा में धकेल दिया है। 3. मजदूरों की घटती वास्तविक आय: नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद में मजदूर पूछ रहे हैं कि जब रोजमर्रा की चीजें लगातार महँगी हो रही हैं तो मजदूरी क्यों नहीं बढ़ रही। पहले जिस वेतन से महीना चलता था, अब 15 दिन में जेब खाली हो जाती है। 4. कॉर्पोरेट-कम्यूनल गठजोड़ का विरोध: देश की संपत्ति, बंदरगाह, हवाई अड्डे, बिजली बड़े घरानों को सौंपे जा रहे हैं। जनता का ध्यान महँगाई, बेरोजगारी से हटाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का माहौल बनाया जा रहा है। 5. समाधान की माँग: पेट्रोलियम उत्पादों पर करों में कटौती, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली मजबूत करना, रोजगार सृजन व न्यूनतम मजदूरी बढ़ाना, कृषि-उद्योग में सार्वजनिक निवेश बढ़ाना।
पार्टी की महिला नेता कामरेड आशा यादव ने सभी कार्यकर्ताओं, मजदूरों, महिलाओं, किसानों व नौजवानों से अपील की है कि 22 जून 2026 को सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में डीएम कार्यालय सूरजपुर पहुँचकर महँगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करें।
नारा: महँगाई रोको, रोजगार बढ़ाओ! जनता की जेब बचाओ, देश की अर्थव्यवस्था बचाओ!



