अन्य खबर

राहुल गांधी बोले- महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है- चुनाव में वादे, और बाकी समय जनता की जेब पर वार

खरगे ने पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़ते दामों के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी जिम्मेदार ठहराया

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास देश चलाने का कोई विजन नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो रही है और मोदी सरकार इसे संभालने में विफल साबित हो रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश की जनता आज महंगाई और बेरोजगारी से बुरी तरह तंग आ चुकी है। पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़ते दामों के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार-निर्मित संकट है।

खरगे ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब व निम्न मध्यम वर्ग का जीना मुश्किल हो गया है और लोग रोजमर्रा की जरूरत की चीजें भी नहीं खरीद पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति अमीरों को और अमीर तथा गरीबों को और गरीब बनाने की है।

यूपीए सरकार का उदाहरण देते हुए खरगे ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के समय वैश्विक संकट के बावजूद सरकार ने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का बोझ जनता पर नहीं पड़ने दिया था और सब्सिडी देकर राहत प्रदान की थी, लेकिन मोदी सरकार सिर्फ लोगों को लूटने में लगी है।

बेरोजगारी के मुद्दे पर बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में लाखों सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं, लेकिन सरकार भर्ती नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मुनाफे वाले सार्वजनिक उपक्रमों को सरकार अपने चुनिंदा दोस्तों को बेच रही है, जिससे युवाओं के रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के हालिया विदेशी दौरे पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि देश की जनता को सोना नहीं खरीदने और विदेश नहीं जाने की नसीहत देने वाले प्रधानमंत्री खुद पांच देशों की यात्रा पर निकल गए। इटली की प्रधानमंत्री के साथ सोशल मीडिया पर चर्चा में आए एक वीडियो का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि मोदी ने अमूल, मदर डेयरी या नंदिनी जैसी सहकारी या सरकारी समर्थन प्राप्त कंपनियों के उत्पादों के बजाय एक निजी कंपनी की चॉकलेट भेंट की। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह प्रधानमंत्री के पद की गरिमा के अनुकूल नहीं है; वे वहां भारत के प्रतिनिधि के रूप में गए थे, न कि किसी निजी कंपनी का प्रचार करने, फोटो खिंचवाने या मौज-मस्ती करने।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी की तारीफ किए जाने पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में खरगे ने कहा कि जब दो इंसानों में एक जैसे गुण होते हैं, तो वे एक-दूसरे की ऐसी तारीफ करते हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि ट्रंप दुनिया बर्बाद करना चाहते हैं और मोदी देश को, दोनों में यही समानता है।

वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि महंगाई मानव मोदी पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं, ताकि चुपके-चुपके जनता की जेब कटती रहे। उन्होंने कहा कि वह महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल आठ रुपये महंगा कर दिया। उन्होंने कहा कि यह बढ़त होती ही जाएगी। महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है- चुनाव में वादे, और बाकी समय जनता की जेब पर वार।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button