श्रद्धा पूर्वक मनाई गई पंडित मोतीलाल नेहरू जी की जयंती

लखनऊ । स्वतंत्रता संग्राम के नायक, प्रखर विद्वान एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे पंडित मोतीलाल नेहरू जी की जयंती आज प्रदेश कार्यालय, लखनऊ पर मनाई गयी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, डा. शहजाद आलम, सुरेन्द्र यादव सहित उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पं मोतीलाल नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने पं. मोतीलाल नेहरू जी के गौरवशाली व्यक्तित्व को याद करते हुए बताया कि उन्होंने देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक नींव को सशक्त बनाने में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
पं. मोतीलाल नेहरू जी का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्र भक्ति का प्रतीक है, उन्होंने न केवल स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया, बल्कि अपने विचारों और कार्यों से भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
राष्ट्र निर्माण के लिए पंडित मोतीलाल नेहरू जी का समर्पण और उनके आदर्श सदैव कांग्रेस परिवार के मार्गदर्शक रहेंगे।



