उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ का दिल अमीनाबाद

(पहली किश्त)

के सरन

दुनियां में लखनऊ जैसा दूसरा शहर नहीं है।
लखनऊ की भाषा बोलचाल ऐसी है कि अगर कोई शख्स मूल रूप से लखनऊ में पला बढ़ा है तो वह दुनियाभर में कहीं भी चला जाय
वहां के निवासी उसके बोलते ही समझ जाएंगे कि ये लखनऊ के हैं।
योगेश प्रवीण जी अक्सर लखनऊ की तारीफ से पहले हर महफिल हर मंच पर अपने संबोधन से पहले लखनऊ की तारीफ में अक्सर शेर पढ़ा करते थे। यूं तो बहुत से शेर उनकी जुबान पर रहा करते थे,पर ये शेर वे अक्सर पढ़ते थे:-

यह सच है कि जिंदादिली की मिसाल है तू!
अदब का हुस्न हुनर का हसीन शबाब है तू।
सरे -चमन तेरा जलवा है वह गुलाब है तू।
लखनऊ आज भी दुनिया में लाजवाब है तू।
जैसे दुनियां में लखनऊ को भाषा और तहजीब के लिए जाना जाता
है वैसे ही अमीनाबाद अपनी रौनक, के कारण लखनऊ का दिल माना जाता है। नवाबी काल से ही लखनऊ में अनेक एतिहासिक बाजार थे जो आज भी हैं पर उसमें से अमीनाबाद का अपना अलग ऐतिहासिक महत्व है। अमीनाबाद नवाबी काल से लेकर लगभग सन २००५ तक लखनऊ का भौगोलिक और सामाजिक केंद्र होने के कारण लखनऊ का हृदय माना जाता था। स्मृतिशेष आदरणीय डॉ योगेश प्रवीन जी ने अपने पुस्तकों में जो बताया उसके अध्ययन से पता चलता है कि पुराने समय में अमीनाबाद के पूरब और उत्तर की तरफ उतरने वाली सभी ढालें गोमती नदी की तरफ जाती हुईं बनी थीं।18 वीं सदी में दिल्ली के शहजादे सुलेमां शिकोह को यह इलाका जहां अमीनाबाद बना नवाब आशफुददौला की ओर से रहने के लिए मिला था तब यहां रानी जय कुंवर का पुराना बाग था। उसी बाग के बीच अवध के दूसरे नवाब सफदरजंग की सास खदीजा खानम का मकबरा था जिससे थोड़ी दूर रानी जयकुवर द्वारा अपनी सहेली खदीजा खानम के लिए बनवाई गई मस्जिद थी। यह मस्जिद आज भी ,”पडाईन की मस्जिद” के नाम सेमौजूद है।अमीनाबाद के पास जो ख्याली गंज मोहल्ला है वह आशफुददौला के नवाबी काल में उनकी बहु बेगम ने बसाया था ।अमीनाबाद के पास स्थित श्री राम रोड चौराहा अमीनाबाद का बहुमूल्य हिस्सा है। १९३६में श्री राम दास मिश्र ने हिंदी प्रचारक मंडल की स्थापना की थी। अमीनाबाद के अंतर्गत गूंगे नवाब पार्क के एक मकान में मुंशी प्रेम चंद्र भी काफ़ी दिन रहे थे। महाकवि निराला जी भी काफी दिनों तक भूसामंडी जो फतेहगंज और ख्याली गंज जंगली गंज , बताशे वाली गली आदि के पास था , के एक मकान में रहते थे और अक्सर अमीनाबाद टहलने जाया करते थे।

अमीनाबाद को लखनऊ के हृदय के रूप में मानना जायज़ ही कहना चाहिए क्योंकि यह लखनऊ की तत्कालीन सीमाओ यानी चौक की ओर नखास, सादतगंज,टुडीयागंज, ऐशबाग,आलमबाग, सदर (कैंट ) डाली गंज के बीचों बीच यानी दिल के पास बसा था।
लखनऊ के चारबाग स्टेशन से उतरते ही नाका होकर जब अमीनाबाद पहुंचते हैं तो सड़क के दोनों तरफ जिस तरह दुकाने,बाजार ,मकान और आबादी नजर आती है वह पुराने काल के गवाह है जो साबित करते हैं कि अमीनाबाद वाकई किसी जमाने मे लखनऊ का दिल था । इसकी शोहरत पूरे देश में थी। यहां चिकन, दस्तकारी और कपड़े के थोक व फुटकर दुकानों के बाजार के अलावा किराना से लेकर शादी ब्याह में इस्तेमाल होने वाले सभी सामान सुई से लेकर जेवर तक की बड़ी छोटी सभी प्रकार के ग्राहकों के लिए दुकान मिल जाएगी। सिर्फ फिल्मी दुनिया में भी लखनऊ बिना अमीनाबाद अधूरा मानते हुवे यहां शूट हुई हर फिल्म में अमीनाबाद जरूर रहता है।
“मेरे महबूब “मेरे हुजूर “चौदहवी का चांद”इन तमाम पिक्चरों में अमीनाबाद में , फल मार्केट के सामने नाज सिनेमा की ओर जाने वाली सड़क ,कैसरबाग, गुइन रोड की ओर जा रही सड़कों को जोड़ने वाले गोल चौराहे जहां असगर अली मोहम्मद अली की इत्र की बहुत पुरानी दुकान है के आस पास का दृश्य जरूर रहता है उपरोक्त फिल्मों में लखनऊ के अमीनाबाद की पहचान बताने वाला अमीनाबाद के इस चौराहे को पेश किया जाता था। इस चौराहे के दाहिनी ओर महावीर जी का विशाल हनुमान मंदिर है जहां पर बड़े मंगल में इतना अपार जन समूह उमड़ता है कि अमीनाबाद में तिल रखने की जगह नहीं रह जाती। यही से एक रास्ता नाका होते हुवे चारबाग जाता है जिसपर माता बदल पंसारी की १०० से अधिक वर्ष पुरानी दुकान है। अमीनाबाद में ही अमीनाबाद से रकाबगंज जाने वाली सड़क पर महिला डिग्री कॉलेज है।


इसी अमीनाबाद में गंगा प्रसाद मेमोरियल हॉल व लाइब्रेरी भी है। अमीनाबाद में ही नवाबों के समय का बना जनाना पार्क भी है, ऐतिहासिक अमीरुद्दौला पार्क( झंडे वाला पार्क ) और अमीनाबाद डिग्री कॉलेज भी है जो अमीनाबाद से रक़ाब गंज जाने वाली मशहूर गंगा प्रसाद रोड के किनारे महिला कॉलेज से आगे है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button