गाँधी जयंती पर महाप्रबंधक उत्तर रेलवे द्वारा स्वच्छता की शपथ

लखनऊ : 02 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की जयंती के अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, अशोक कुमार वर्मा ने वाराणसी स्टेशन पर गाँधी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उपस्थित रेलकर्मियों एवं अधिकारियों को उन्होंने स्वच्छता की शपथ दिलाई। महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु सर्व सेवा संघ द्वारा आयोजित गाँधी जी पर आधारित पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। तत्पश्चात् उन्होंने स्काउट एवं गाइड द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक को भी देखा और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि गाँधी जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरित होकर हम सबको स्वच्छता, अनुशासन और सेवा की भावना को आत्मसात करना चाहिए। इसी क्रम में लखनऊ स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने गाँधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। लखनऊ स्टेशन पर श्रमदान कार्यक्रम, बायो टैंक की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन, वेस्ट ऑफ आर्ट प्रदर्शनी, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का उद्घाटन, सफाई मित्रों को पीपीई किट का वितरण, स्काउट एवं गाइड द्वारा नुक्कड़ नाटक तथा स्वच्छता प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करने जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने अपने संदेश में कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम ही नहीं है, बल्कि जनमानस में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सेवा की भावना जागृत करने का एक सशक्त मंच भी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाते हुए इसे सतत जनांदोलन का रूप दें।


