नई गाड़ी संख्या 22544 लालकुआं-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस को मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

बरेली : मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार पुष्कर सिंह धामी ने 21 अक्टूबर, 2024 को नई गाड़ी संख्या 22544 लालकुआं-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस को 07.45 बजे लालकुआं रेलवे स्टेशन से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बाबा कैंची धाम के आशीर्वाद से आज लालकुंआ से बांद्रा के मध्य ट्रेन संचालन का स्वप्न पूरा हुआ है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, हजरत निजामुदीन, मथुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, वडोदरा, सूरत जैसे रेलवे स्टेशन से जुड़े लोगों को यात्रा करने का आसानी से विकल्प मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लालकुआं-बांद्रा रेल सेवा शुरू होने से बाबा कैंची धाम, जागेश्वर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा का एक बेहतर विकल्प मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम भारतीय रेल के स्वर्णिम युग की ओर आगे बढ़ रहे हैं। आत्मनिर्भरता और आधुनिकता के प्रतीक के रूप में वंदेभारत जैसी मेड इन इंडिया ट्रेन, रेल नेटवर्क का हिस्सा बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केन्द्र सरकार के सहयोग से पहाड़ तक ट्रेन पहुंचाने का स्वप्न ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन बनने के साथ ही पूर्ण हो जायेगा। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का भी सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है, जल्द ही इसमें भी कार्य शुरू हो जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड से काशी, अयोध्या और अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल सेवा के और विस्तार के लिए प्रयास किये जायेंगे। आज हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। प्रदेश की देवतुल्य जनता के सहयोग से उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।
सांसद अजय भट्ट ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के लोगों की यह बहुत पुरानी मांग थी कि लालकुआं से मुंबई को सीधे रेल सेवा मिलेे, जो आज पूर्ण हुई है। इस ट्रेन के संचालन से पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के साथ ही यहां के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शनार्थियों व पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब सप्ताह में तीन रेल गाड़ियां रामनगर, काठगोदाम और अब लालकुआं से मुम्बई के लिए चलाई जा रही हैं, जिसका लाभ यहां के पर्यटक क्षेत्रों को भी मिलेगा।
विधायक डाॅ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि जो हमने सोचा भी नही था कि लालकुआं से लंबी दूरी की एक और गाड़ी मिल जायेगी। प्रधान मंत्री का सपना था कि रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट की तरह बनाया जाये और बनाये भी गये हैं, भविष्य में और स्टेशन बनेंगे। ट्रेनों से दैनिक आवागमन के लिए लालकुआं रेलवे स्टेशन पर विकास एवं विस्तार की बहुत ही गुंजाई है। यहां पर रेल कोच फैक्ट्री बनाई जा सकती है क्योकि यहां पर पर्याप्त रेलवे की भूमि है। क्रासिंग बंद होने पर सड़क यातायात ज्यादा देर बाधित न हो इसकी वैकल्पिक व्यवस्था भी रेलवे प्रशासन को करनी होगी। जिससे की यात्रियों का ज्यादा समय बर्बाद न हो।
इसके पूर्व मंडल रेल प्रबंधक रेखा यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री संजीव शर्मा ने किया।
विदित हो कि 22544 लालकुआँ-बान्द्रा टर्मिनस प्रत्येक सोमवार को लालकुआँ से 07.45 बजे प्रस्थान कर रुद्रपुर सिटी से 08.30 बजे, रामपुर से 09.22 बजे, मुरादाबाद से 10.02 बजे, अमरोहा से 10.33 बजे, हापुड़ से 11.36 बजे, गाजियाबाद से 12.42 बजे, हजरत निजामुद्दीन से 13.50 बजे, मथुरा जं. से 16.00 बजे, भरतपुर से 16.25 बजे, सवाई माधोपुर से 18.15 बजे, कोटा से 19.40 बजे, रतलाम से 23.35 बजे, दूसरे दिन वडोदरा से 03.08 बजे, सूरत से 04.55 बजे, वापी से 06.01 बजे तथा बोरीवली से 07.32 बजे छूटकर बान्द्रा टर्मिनस 08.30 बजे पहुँचेगी।
वापसी यात्रा में, 22543 बान्द्रा टर्मिनस-लालकुआँ एक्सप्रेस 22 अक्टूबर, 2024 से प्रत्येक मंगलवार को बान्द्रा टर्मिनस से 11.00 बजे प्रस्थान कर बोरीवली से 11.26 बजे, वापी से 13.02 बजे, सूरत से 14.24 बजे, वडोदरा से 16.11 बजे, रतलाम से 21.15 बजे, दूसरे दिन कोटा से 00.35 बजे, सवाई माधोपुर से 01.45 बजे, भरतपुर से 04.10 बजे, मथुरा जं. से 05.05 बजे, हजरत निजामुद्दीन से 07.45 बजे, गाजियाबाद से 08.32 बजे, हापुड़ से 09.13 बजे, अमरोहा से 10.11 बजे, मुरादाबाद से 11.11 बजे, रामपुर से 11.45 बजे तथा रुद्रपुर सिटी से 12.28 बजे छूटकर लालकुआँ 13.15 बजे पहुँचेगी।
इस गाड़ी में एल.एस.एल.आर.डी. का 01, जनरेटर सह लगेज यान का 01, साधारण द्वितीय श्रेणी के 04, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 03, वातानुकूलित तृतीय इकोनाॅमी श्रेणी के 02, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 01 तथा शयनयान श्रेणी के 06 कोचों सहित कुल 18 कोच लगाये गये हैं जो यात्रियों के लिए सुविधाजनक एवं संरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नवीन दुमका, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, दीप कोश्यारी और इज्जतनगर मंडल के शाखा अधिकरी उपस्थित थे।


