मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर रेखा यादव ने स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024’ का आयोजन किये जाने के उपलक्ष्य में ‘‘स्वच्छता शपथ‘‘ दिलायी
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल पर ‘‘स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता‘‘ मिशन के अन्तर्गत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के परिसर में 17 सितम्बर, 2024 को मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर रेखा यादव ने अपर मंडल रेल प्रबंधक राजीव अग्रवाल तथा सभी मंडल शाखा अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं रेल कर्मचारियों को ’स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024’ का आयोजन किये जाने के उपलक्ष्य में ‘‘स्वच्छता शपथ‘‘ दिलायी।
उन्होंने शपथ दिलाने से पूर्व बताया कि महात्मा गांधी ने जो सपना देखा था उसमें सिर्फ राजनैतिक आजादी ही नही थी, बल्कि एक स्वच्छ एवं विकसित देश की कल्पना भी थी। महात्मा गांधी ने गुलामी की जंजीरों को तोड़कर भारत माँ को आजाद कराया। अब हमारा कर्तव्य है कि गंदगी को दूर करके भारत माता की सेवा करेें।
‘‘स्वच्छता शपथ‘‘ दिलाने के साथ-साथ उन्होंने सभी से अपील की कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सिर्फ दिखावा न कर औपचारिकता पूरी नही करना है, बल्कि तन-मन के साथ स्वच्छता ही सेवा के इस अभियान में भागेदार बनना है, क्योकि स्वच्छ तन एवं स्वच्छ वातावरण में ही ईश्वर का वास होता है। इसमें महिलायें एवं नौजवान अधिक से अधिक प्रतिभाग कर इस अभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस अभियान को अपने आप तक सीमित नही रखना है बल्कि एक चेन बनाकर 100 आदमियों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करना है, और अगला अन्य 100 आदमियों को जागरुक करेंगे। इस तरह से किया गया पहल पूरे भारत देश को स्वच्छ बनाने में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।
स्वच्छता शपथ ग्रहण के उपरांत इज्जतनगर मंडल के विभिन्न जगहों पर महिला समिति एवं गायत्री परिवार की महिलाओं, रेल अधिकारियों व कर्मचारियों के द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण का कार्य किया गया साथ ही पी.पी.ई. किट वितरण कर लोगों को तथा उनके परिवारों को प्रति व्यक्ति एक पेड़ लगाने व उसकी देखभाल करने हेतु जागरुक भी किया गया।


