उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

अखनूर बस हादसे के लिये उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह जिम्मेदार : डा. गिरीश

भाकपा नेता ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की, घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना की

लखनऊ/ हाथरस/ अलीगढ़ :  भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता डा. गिरीश ने अखनूर बस हादसे पर गहरा दुख जताया है जिसमें कि अब तक दो बच्चों सहित दो दर्जन की दर्दनाक मौत हुयी है और लगभग छह दर्जन घायल अस्पताल में भर्ती हैं। भाकपा ने हाथरस अलीगढ़ मथुरा और भरतपुर के निवासी इन सभी मृतक श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की है। भाकपा ने मृतकों के परिवारों और घायलों के प्रति गहरी सहानुभूति जतायी है। उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान सरकार से मांग की है कि वह मृतकों के परिवारों और घायलों को समुचित आर्थिक सहायता प्रदान करें।

भाकपा ने इस गंभीर और दर्दनाक हादसे के लिये उत्तर प्रदेश सरकार और उसके विभिन्न विभागों को सीधे जिम्मेदार ठहराया है। यहां जारी एक प्रेस बयान में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व राजस्थान के प्रभारी डा. गिरीश ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की लापरवाही और व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण उत्तर प्रदेश में हर दिन कई कई जानलेवा सड़क हादसे हो रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में धर्म की आड़ में एक बड़ा माफिया काम कर रहा है जो लोगों को बरगला कर विभिन्न तीर्थस्थलों को ले जाता है, जिनमें पहाड़ के तीर्थस्थल भी शामिल हैं। इसके लिये माफिया खटारा बसें हायर करता है और बस की क्षमता से दो दो गुने मुसाफिर भर कर ले जाता है। पहाड़ी मार्गों पर मैदान के ड्रायवरों से बस चलवायी जाती हैं। ओवरलोडिंग, बस की जर्जरता और ड्रायवर की अक्षमता से जानलेवा हादसे हो जाते हैं और तमाम परिवार समूल नष्ट हो जाते हैं।

सवाल उठता है कि इतनी अधिक ओवरलोड बस उत्तर प्रदेश की सीमा से कैसे पार हो गयी? पुलिस क्या करती रही? क्या परिवहन विभाग ने मौके पर जाकर तसदीक किया कि जितनी सवारियों का परमिट जारी किया गया है, क्या उतनी ही सवारियाँ बस में भरी जा रही हैं? पता तो यहां तक चला है कि सवारियों की फर्जी सूची के आधार पर बस को परमिट दे दिया जाता है और हर स्तर पर सरकारी कारकुनों की जेब गरम कर माफिया बस को साफ निकाल ले जाता है।

उत्तर प्रदेश में ऐसे हादसे आए दिन हो रहे हैं और सत्ता शिखर पर बैठे लोग औरंगज़ेब, मस्जिद और पाकिस्तान की रट लगा कर अपने कर्तव्य से बच रहे हैं। वे जनता के हितों की उपेक्षा कर गंभीर अपराध कर रहे हैं। ज़िम्मेदारी तय होनी चाहिये और इसकी सजा दोषियों को मिलनी ही चाहिए। अंतिम चरण के मतदान में उनको जनता निश्चय ही सबक सिखाएगी, डा. गिरीश ने आशा व्यक्त की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button