आज फिर हम मंत्री भारद्वाज एवं “आप” नेताओं को गणतंत्र दिवस आयोजन को लेकर दुष्प्रचार करते देख रहे हैं :बांसुरी स्वराज

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा की सचिव बांसुरी स्वराज ने कहा है कि यह खेदपूर्ण है कि आम आदमी पार्टी के नेता लगातार गणतंत्र दिवस समारोह को विवादित करने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा है कि केवल आम आदमी पार्टी ही ऐसी एक मात्र पार्टी है जो पहली बार 2013 में सत्ता पाने के बाद से गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर विवाद करती रही है।
देश की जनता 2013 में तत्कालीन राजपथ (कर्तव्य पथ) पर धरने पर बैठे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह को बाधित करने की चेतावनी को भूली नहीं थी कि आज फिर हम मंत्री सौरभ भारद्वाज एवं अन्य आम आदमी पार्टी नेताओं को गणतंत्र दिवस आयोजन को लेकर दुष्प्रचार करते देख रहे हैं।
बांसुरी स्वराज ने कहा है कि हमने कल भी कहा था और आज फिर सौरभ भारद्वाज से कहती हूं कि वह बताये कि उनकी दिल्ली एवं पंजाब सरकारों ने झांकी का क्या स्वरूप भेजा था क्योंकि आज समाचार पत्र बता रहे हैं कि दोनों सरकारें अपने मुख्यमंत्री का चित्र झांकी में लगाना चाहती थी।
दिल्ली भाजपा सचिव ने कहा है कि हमने कल भी पूछा था आज पुनः सौरभ भारद्वाज से पूछते हैं कि जिस दिल्ली सरकार ने 9 साल में दिल्ली में एक नया स्कूल, कॉलेज, अस्पताल नहीं बनाया, एक बस नहीं खरीदी और जिसकी पहचान है शराब घोटाला, बंगला घोटाला, जासूसी घोटाला, स्कूल रूम घोटाला एवं दवाई घोटाला वह विकास के नाम पर झांकी में क्या दिखाते।



