अगर सिसौदिया को रिहा किया गया तो वह सबूतों को नुकसान पहुंचाएंगे और गवाहों को प्रभावित करेंगे : वीरेंद्र सचदेवा
ईडी-मनीष सिसौदिया जब्ती मामले पर मंत्री आतिशी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि पिछले 5 महीनों से आतिशी सहित आम आदमी पार्टी के नेता दावा कर रहे हैं कि कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है और मनीष सिसौदिया निर्दोष हैं, लेकिन इसी अवधि में न्यायालय दिल्ली हाई कोर्ट समेत कई अदालतों ने मनीष सिसौदिया की 7 जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। हर अदालत ने सिसौदिया की जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा कि जांच एजेंसियों के सबूत मजबूत हैं और अगर सिसौदिया को रिहा किया गया तो वह सबूतों को नुकसान पहुंचाएंगे और गवाहों को प्रभावित करेंगे।
आज जब उसी जांच एजेंसी ईडी ने मनीष सिसौदिया की संपत्ति जब्त कर ली है तो सुश्री आतिशी सहित आप नेता अपनी सार्वजनिक छवि बचाने के लिए जब्ती पर राजनीतिक सवाल उठा रहे हैं।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा है कि आप नेताओं को यह नहीं भूलना चाहिए कि ईडी एक शीर्ष जांच एजेंसी है जो अदालत के प्रति जवाबदेह है और इसलिए वह किसी संपत्ति को तभी जब्त करेगी जब वह अदालत में उसे सही ठहरा सकेगी।
वह दिन दूर नहीं जब न केवल मनीष सिसौदिया बल्कि अरविंद केजरीवाल भी शराब घोटाले में दोषी करार दिये जायेंगे और उस दिन सुश्री आतिशी जैसे उनके समर्थक पश्चाताप करेंगे।



