केजरीवाल सरकार कर रही रोहिणी के निवासियों से सौतेला व्यवहार:विजेन्द्र गुप्ता
केजरीवाल के रोहिणी पहुंचने पर निवासियों ने किया विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं रोहिणी के विधायक श्री विजेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में आज रोहिणी के निवासियों के बच्चों को सेक्टर-18 स्थित सरकारी स्कूल में दाखिले में रोक लगाने के विरोध में स्कूल का उद्घाटन करने रोहिणी पहुंचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हजारों निवासियों ने काले झण्डे दिखाये व उनके इस्तीफे की मांग करते हुए प्ले कार्ड दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन का उग्र स्वरुप देखते हुए घबराकर अरविंद केजरीवाल विद्यालय के पिछले दरवाज़े से भाग निकले। विजेन्द्र गुप्ता के पैर में प्लास्टर के बावजूद वे तीन घंटे तक विरोध करते हुए सड़क पर संघर्ष करते रहे। केजरीवाल के गुण्डों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की तथा विरोध कर रही महिलाओं पर मिट्टी फेंकी। श्री गुप्ता ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया कि उनके प्रयासों से यहाँ की लगभग एक लाख आबादी के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा दी गई दो एकड़ भूमि पर बनाए गए सामान्य स्कूल को ‘उत्कृष्ठ विद्यालय’ नाम देकर सेक्टर-18, 19 व आसपास के आम बच्चों के लिए दाखिले पर रोक लगा दी गयी है।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रुप से भाजपा उत्तर पश्चिम जिला के अध्यक्ष श्री विनोद सहरावत, निगम पार्षद श्री प्रवेश वाही, सुश्री स्मिता कौशिक, श्री योगेश राणा, श्रीमती जनता देवी, श्रीमती गायत्री यादव व अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
श्री विजेन्द्र गुप्ता के कठिन परिश्रम के बाद यहाँ पर एक सरकारी स्कूल भवन का निर्माण कराया गया परंतु भ्रष्ट केजरीवाल सरकार ने स्कूल का नाम बदलकर यहाँ के बच्चों के दाखिले पर रोक लगाकर उनके शिक्षा के अधिकार को छीन लिया। रोहिणी की जनता के साथ दिल्ली सरकार का यह सौतेला और घोर अन्नायपूर्ण व्यवहार है। उन्होंने कहा कि वे रोहिणी निवासियों के अधिकारों को किसी भी सूरत में छीनने नहीं देंगे।
श्री गुप्ता ने कहा कि शिक्षा नियमों के अनुसार बच्चों को उनके घर के आस-पास ही स्कूली शिक्षा मिलनी चाहिए। उनके विधानसभा क्षेत्र के हर सेक्टर में एक सरकारी स्कूल है जहां स्थानीय निवासियों के बच्चे अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त करते हैं, लेकिन सेक्टर-18, 19 राजा विहार और आस-पास के क्षेत्र से इस सुविधा को केजरीवाल सरकार ने छीनकर यहां के निवासियों से उनके बच्चों से घर के नजदीक ही मिलने वाली स्कूली शिक्षा के अधिकार का हनन किया है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस क्षेत्र के स्थानीय निवासी जो अधिकतर निम्न आय वर्ग से आते हैं, निजी स्कूलों में अपने बच्चों की स्कूली शिक्षा का खर्च वहन नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री केजरीवाल इन बच्चों से सरकारी स्कूल में पढ़ाई करने का विकल्प छीनकर उन्हें अपनी आय का अधिकतम भाग निजी स्कूलों में शिक्षा प्राप्त करने पर खर्च करने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
श्री गुप्ता ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से मांग की कि ‘उत्कृष्ठ विद्यालय’ को कहीं और स्थानातंरित किया जाए या उसके लिए नया विद्यालय भवन बनाया जाए। वर्तमान स्कूल की मूल स्थिति को बहाल किया जाए जिससे स्थानीय निवासियों के बच्चे इस स्कूल में प्रवेश पा सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उनकी सरकार जानबूझकर रोहिणी विधानसभा के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
निगम पार्षद श्प्रवेश वाही ने स्कूल के उद्घाटन में स्थानीय विधायक विजेन्द्र गुप्ता को ना बुलाये जाने की निंदा की और कहा यह केजरीवाल सरकार की ओछी राजनीति है पर क्षेत्र की जनता भलीभाँति जानती है की यह स्कूल निर्माण विजेन्द्र गुप्ता के संघर्ष का परिणाम है।
–



