लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं विधान परिषद में नेता शिक्षक दल सुरेश कुमार त्रिपाठी, एमएलसी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौपकर उत्तर प्रदेश भारत स्काउट और गाइड में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराकर कार्यवाही की मांग की। संगठन के प्रदेशीय मंत्री एवं प्रवक्ता डा.आर.पी. मिश्र ने मुख्यमंत्री को बताया गया कि प्रादेशिक स्काउट गाइड संस्था द्वारा गरीब छात्र/छात्राओं से लिये जाने वाले शुल्क तथा शासकीय अनुदान का दुरूपयोग किया जा रहा है। संस्था के स्टेट कमिश्नर राजेष मिश्र के विरूद्ध स्कूल गेम्स फेडरेषन आफ इण्डिया में फर्जीवाड़ा तथा करोड़ों का घपला करने के लिये दिल्ली में एफआईआर दर्ज है। उसके बाद भी राजेश मिश्र को उनके पद से नहीं हटाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी को संपूर्ण प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई हेतु आश्वस्त किया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री एवं प्रवक्ता डा. आर.पी. मिश्र ने बताया कि उ0प्र0 भारत स्काउट और गाइड में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितता के विरूद्ध प्रादेशिक संस्था के पदाधिकारियों द्वारा प्रादेशिक अध्यक्ष एवं पूर्व जल शक्ति मंत्री डा. महेन्द्र सिंह को 17.जुलाई .2022 को ज्ञापन प्रेषित कर कार्यवाही की मांग की गई थी। डा0 महेन्द्र सिंह ने ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात प्रादेशिक मुख्यायुक्त को अनियमित रूप से लिये गये निर्णय पर रोक लगाने तथा कार्यकारिणी की तत्काल बैठक बुलाने के आदेश दिये थे। संस्था के स्टेट कमिश्नर राजेष मिश्र को शिकायती पत्र पर प्रादेशिक मुख्यायुक्त से आख्या मांगी थी लेकिन प्रादेशिक मुख्यायुक्त द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई है।