NDMC के बड़े कदम; नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित और आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी : कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन को साकार करने और नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित एवं आधुनिक राजधानी बनाने के संकल्प के साथ, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की परिषद बैठक पालिका केंद्र, नई दिल्ली में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने की। बैठक शुरू होने से पहले श्री वर्मा ने परिषद सदस्य श्री विकास आनंद को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा और विश्वास की शपथ दिलाई।
बैठक में नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, NDMC अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, विधायक एवं सदस्य वीरेंद्र सिंह कादियान, परिषद सदस्य श्री दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि और श्रीमती सरिता तोमर तथा NDMC सचिव राहुल सिंह उपस्थित रहे।
परिषद की बैठक सुबह NDMC परिषद कक्ष, तीसरी मंजिल पर आयोजित हुई। बैठक के बाद दोपहर में NDMC कन्वेंशन सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल के साथ परिषद् सचिव सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे।
मीडिया को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने जानकारी दी कि आज NDMC प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है। इसी सोच के साथ NDMC क्षेत्र में आधुनिक विकास, बेहतर जनसुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
*1. लोधी गार्डन, नेहरू पार्क और BRICS गार्डन में पांच “प्रकृति कैफे” विकसित किए जाएंगे*
श्री चहल ने कहा कि NDMC अपने प्रमुख पार्कों में लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ पार्कों की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने पर भी ध्यान दे रहा है। प्रकृति से प्यार करने वाले लोग, विदेशी पर्यटक, सैलानी और विभिन्न देशों के दूतावासों के अधिकारी NDMC के पार्कों में नियमित रूप से आते हैं। ऐसे लोगों के लिए यह प्रकृति कैफे एक बेहतर सुविधा साबित होगा। यहां लोग पार्क की सुंदरता और हरियाली के बीच बैठकर आराम कर सकेंगे और खाने-पीने की सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।
उन्होंने बताया की दिल्ली के उपराज्यपाल ने 12 नवम्बर 2026 को लोधी गार्डन का दौरा किया था। इस दौरान वहां प्रस्तावित प्रकृति कैफे (Prakriti Café) के स्थान को दिखाया गया। इसके बाद नेहरू पार्क और शांति पथ स्थित BRICS गार्डन में भी ऐसे कैफे बनाने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए गए। इन कैफे को BOT (Build, Operate and Transfer) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसका मतलब है कि चयनित एजेंसी अपने खर्च पर कैफे बनाएगी, उनका संचालन और रखरखाव करेगी तथा तय शर्तों के अनुसार बाद में NDMC को सौंपेगी। कैफे की डिजाइन ऐसी होगी कि पार्कों की हरियाली, सुंदरता और प्राकृतिक वातावरण पर कोई बुरा असर न पड़े। एजेंसी को सभी जरूरी सरकारी अनुमतियां और मंजूरियां भी स्वयं लेनी होंगी।
आज की बैठक में परिषद में परिषद लोधी गार्डन में 2, नेहरू पार्क में 2 और BRICS गार्डन में 1 “प्रकृति कैफे” विकसित करने की संभावना तलाशने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
*2. NDMC क्षेत्र में छतों पर सोलर पैनल लगाने की योजना
श्री चहल ने कहा कि NDMC नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रहा है। अब तक NDMC क्षेत्र में अलग-अलग इमारतों पर कुल 18.1 मेगावाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं (निजी भवन – 5.5 मेगावाट, अन्य सरकारी भवन-9.1 मेगावाट और NDMC के भवन-3.5 मेगावाट )।
• NDMC क्षेत्र में जहां अभी सोलर पैनल लगाने की संभावना बाकी है, उसकी पहचान करने के लिए TERI से सर्वे कराया गया। TERI ने सर्वे के बाद NDMC और अन्य सरकारी तथा गैर-सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने की अतिरिक्त संभावना बताई है।
NDMC की अपनी इमारतों में सोलर पैनल लगाने की संभावना:
श्री चहल ने जानकारी दी कि कुल 244 भवनों का सर्वे किया गया। इन भवनों में लगभग 6,914 किलोवाट (6.914 मेगावाट) क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा सकते हैं। इनमें 40 भवनों के लिए RESCO मॉडल और 204 भवनों के लिए CAPEX मॉडल की सिफारिश की गई है।
*अन्य भवनों में सोलर पैनल लगाने की संभावना:*
उन्होंने जानकारी दी कि 124 गैर-NDMC भवनों का सर्वे किया गया। इनमें लगभग 8,250 किलोवाट (8.25 मेगावाट) क्षमता के सोलर पैनल लगाने की संभावना बताई गई है। इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए NDMC और SECI (Solar Energy Corporation of India) के बीच समझौता (MoU) किया गया है। SECI, NDMC की ओर से टेंडर जारी कर योग्य एजेंसी का चयन करेगा।
आज की बैठक में परिषद ने NDMC की इमारतों पर RESCO मॉडल के तहत सोलर पावर प्रोजेक्ट लगाने की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 54 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसकी अवधि 25 वर्ष होगी।
*3. सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत, रखरखाव और बेहतर व्यवस्था*
श्री चहल ने कहा की NDMC क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों का सर्वे कराया गया, जिसमें 30 शौचालयों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इन पुराने और खराब स्थिति वाले शौचालयों को तोड़कर नए सिरे से 30 शौचालयों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ बनाया जाएगा जिनमे 3 पूरी तरह से महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट (Pink Toilets) बनाए जाएंगे। इनमें आधुनिक सुविधाएं, बेहतर साफ-सफाई और आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, बिना हाथ लगाए खुलने और बंद होने वाले दरवाजे, सेंसर से चलने वाले नल और फ्लश सिस्टम, लाइट और हवा आने-जाने की ऑटोमैटिक व्यवस्था आदि । इनके आलावा खान मार्केट, जनपथ, मालचा मार्ग, मंडी हाउस, कनॉट प्लेस (CP) और हनुमान मंदिर में स्मार्ट शौचालय बनाए जायेंगे ।
उन्होंने कहा कि NDMC का उद्देश्य नई दिल्ली क्षेत्र में लोगों को साफ-सुथरे और अच्छी सुविधाओं वाले सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराना है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि NDMC क्षेत्र में कुल 364 सार्वजनिक शौचालय और अन्य संबंधित सुविधाएं हैं। इनमें 291 PTU, 40 CTU और 33 PU शामिल हैं। इनमें से कुछ शौचालयों का रखरखाव निजी एजेंसियों द्वारा किया जा रहा है, जबकि कुछ का रखरखाव NDMC स्वयं कर रहा है। वर्तमान में 132 ऐसी सुविधाएं हैं, जिनके रखरखाव की जिम्मेदारी NDMC के पास है। इसके अलावा 4 रोल कॉल सेंटर भी इस योजना में शामिल किए गए हैं। पहले निजी एजेंसियों को शौचालयों के निर्माण और रखरखाव का काम विज्ञापन के अधिकार देकर दिया गया था। उनका पुराना समझौता मई 2025 में समाप्त हो गया था। अब इन शौचालयों की मरम्मत, दोबारा निर्माण और नियमित रखरखाव के लिए नई एजेंसी का चयन किया जाएगा।
आज की बैठक में परिषद ने Group-E के तहत इन सार्वजनिक शौचालयों और रोल कॉल सेंटरों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव के लिए नई एजेंसी चुनने हेतु RFP (निविदा प्रक्रिया) जारी करने की मंजूरी दी है। इसके तहत विज्ञापन के अधिकार के बदले NDMC को लाइसेंस फीस भी प्राप्त होगी।
*4. NDMC की संपत्तियों और परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये की मंजूरी*
श्री चहल ने कहा कि NDMC अपने कार्यालयों, बाजारों, अस्पतालों, बिजली सब-स्टेशनों, पार्कों और अन्य परिसरों में सुरक्षा की व्यवस्था करता है। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के लिए आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से सुरक्षा कर्मचारी तैनात किए जाते हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लगातार बनाए रखने के लिए वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट तैयार किया गया है।
आज की बैठक में परिषद ने वर्ष 2026-27 के लिए NDMC के विभिन्न परिसरों में सुरक्षा सेवाओं और व्यवस्थाओं पर लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च करने की प्रशासनिक मंजूरी और स्वीकृति दे दी है। इससे NDMC के कार्यालयों, बाजारों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था जारी रखने में मदद मिलेगी।
*5. नई दिल्ली में जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई पर लगभग 106 करोड़ रुपये खर्च होंगे*
श्री चहल ने कहा की अगले मानसून की अभी से तैयारी करते हुए बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए NDMC अपने क्षेत्र के बड़े नालों की सफाई और उनमें जमा गाद (सिल्ट) निकालने का काम करेगा।
NDMC क्षेत्र से बारिश के पानी की निकासी के लिए कुल 14 बड़े ड्रेनेज सिस्टम हैं। पिछले साल भारी बारिश के दौरान कुछ निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या सामने आई थी। नालों में लंबे समय से जमा गाद के कारण पानी निकलने की क्षमता कम हो सकती है। बड़े नालों की पूरी तरह सफाई कराई जाएगी, ताकि बारिश का पानी तेजी से और आसानी से निकल सके।
उन्होंने कह कि16 दिसम्बर 2025 को माननीय मुख्यमंत्री ने DTC डिपो में चल रहे सुनहरी पुल्ला नाले की सफाई के काम का निरीक्षण किया था। उस दौरान नाले की सफाई से पानी निकालने की क्षमता में सुधार देखा गया। इस नाले के कुछ हिस्सों की सफाई DMRC द्वारा की गई थी। इसके लिए NDMC ने लगभग 56.26 करोड़ रुपये जारी किए थे। अब NDMC पूरे ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कराने की योजना बना रहा है, ताकि साफ किए गए हिस्सों में दोबारा गाद जमा होने की समस्या न हो। इस काम से नालों की पानी ले जाने और कुछ समय के लिए पानी रोकने की क्षमता भी बेहतर होगी।
आज की बैठक में परिषद ने NDMC क्षेत्र के प्रमुख नालों की सफाई और उनमें जमा गाद निकालने के लिए लगभग 106 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी और खर्च की स्वीकृति दे दी है।
6.*बिजली विभाग के विभिन्न पदों के लिए भर्ती नियमों को मंजूरी*
श्री चहल ने कहा कि NDMC के बिजली विभाग में अलग-अलग तकनीकी पदों पर भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए भर्ती नियम (Recruitment Regulations) तैयार किए गए हैं जिसमे इलेक्ट्रीशियन (ऑटो), फिटर (इलेक्ट्रिकल)-20, सीनियर फिटर (इलेक्ट्रिकल)-15, इलेक्ट्रिक मैकेनिक-33, सीनियर इलेक्ट्रिक मैकेनिक-15 और केबल/इंसुलेशन/इंस्टॉलेशन टेस्टर-24 शामिल हैं । परिषद ने इन सभी पदों के भर्ती नियमों को मंजूरी दे दी है।
*TAX संपत्ति कर*
श्री चहल आज जानकारी देते हुए कहा कि NDMC की आगामी 23 नवम्बर, 2026 को होने वाली परिषद बैठक में “नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (संपत्ति कर) उपनियम, 2026” के प्रारूप को परिषद के समक्ष मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। इन उपनियमों को NDMC अधिनियम, 1994 की धारा 388 के तहत तैयार किया गया है। इसमें दिल्ली सरकार (GNCTD) द्वारा दिए गए सुझावों और आम लोगों एवं अन्य हितधारकों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों को शामिल करते हुए आवश्यक संशोधन किए गए हैं। परिषद की मंजूरी के बाद इसे सरकारी राजपत्र (Official Gazette) में प्रकाशित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
श्री चहल ने कहा कि NDMC का संकल्प है कि नई दिल्ली को देश की राजधानी के अनुरूप स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित, हरित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए NDMC नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आधुनिक तकनीक अपनाने और शहर के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।



