उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

महिला रेलकर्मियों के कुशल संचालन का उदाहरण बना डोमिनगढ़ स्टेशन, सात महिला कर्मचारियों को कैश अवार्ड देकर किया सम्मानित

लखनऊ । पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन परिसरों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने तथा यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने गोरखपुर से लौटते समय कल देर शाम डोमिनगढ़ स्टेशन का निरीक्षण कर विभिन्न यात्री सुविधा एवं स्टेशन सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1 की बिटुमिनस कंक्रीट सतह, कॉपिंग स्टोन बदलने के कार्य, प्लेटफॉर्म किनारे लगी रेल फेंसिंग तथा स्टेशन परिसर में स्थापित महात्मा बुद्ध की प्रतिमा का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आकर्षक फव्वारे एवं रंगीन प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित ध्यानमग्न बुद्ध प्रतिमा स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही यात्रियों को शांति, करुणा एवं मैत्री का संदेश दे रही है।
उल्लेखनीय है कि डोमिनगढ़ स्टेशन का संचालन पूरी तरह महिला रेलकर्मियों द्वारा किया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक से लेकर आरक्षण, उद्घोषणा, सुरक्षा एवं परिचालन तक की जिम्मेदारियां महिला कर्मचारी कुशलतापूर्वक निभा रही हैं। यह स्टेशन भारतीय रेल में ‘नारी शक्ति’ एवं महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण बन रहा है। महिला कर्मचारियों के नेतृत्व में स्टेशन पर स्वच्छता, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं अनुशासन की व्यवस्था सराहनीय है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पण के लिए स्टेशन मास्टर  अंकिता, आरक्षण पर्यवेक्षक  हेमलता राय, आरक्षण पर्यवेक्षक  मनीषा सिंह, विद्युत सिग्नल अनुरक्षक  स्वाती जायसवाल, हेल्पर सिग्नल  पारुल शर्मा तथा रेलवे सुरक्षा बल की कांस्टेबल  अंजू यादव एवं नेहा यादव को 500-500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(Enhm)  महेंद्र सिंह समेत स्टेशन के कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button