उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

केदारनाथ साहनी जी की पुण्यतिथि पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रदेश कार्यालय में अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि

नई दिल्ली  : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष  हर्ष मल्होत्रा ने आज प्रदेश कार्यालय में दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष, दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद और गोवा एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय केदारनाथ साहनी  की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर केदारनाथ साहनी के पुत्र  प्रदीप साहनी एवं अन्य परिजन, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक  रामभज , पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  आदेश गुप्ता, विधायक  हरीश खुराना, प्रदेश पदाधिकारी  विष्णु मित्तल,  योगिता सिंह,  राजेश भाटिया,  प्रवीण शंकर कपूर,  सारिका जैन,  रंजीत कश्यप,  कैलाश जैन,  मनोज कुमार,  नितिन त्यागी,  अमित गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान का स्मरण किया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चा हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय केदारनाथ साहनी जी का जीवन जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन, ईमानदारी और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक रहा। वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के बाद उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के मूल्यों को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी समय की पाबंदी, कार्यशैली में शुचिता और प्रत्येक दायित्व के प्रति ईमानदार प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। सार्वजनिक एवं संगठनात्मक जीवन में उन्होंने नैतिकता, सादगी और अनुशासन के उच्च मानदंड स्थापित किए।

श्री मल्होत्रा ने कहा कि केदारनाथ साहनी जी ने जम्मू-कश्मीर से विस्थापित हिंदू परिवारों के हितों और उनके पुनर्वास के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठनात्मक निष्ठा और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके द्वारा स्थापित आदर्श आज भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक हैं।

श्री मल्होत्रा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में केदारनाथ साहनी जी का समर्पण, सादगी और संगठन के प्रति निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए मैं उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button