उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

टीएसएच के आशुतोष ने कड़े मुकाबले में दर्ज की जीत, अंडर-15 में फाइनल के लिए खिलाड़ियों ने झोंकी ताकत

राउंड ऑफ 128 में नोयडा के सिद्धांत जैन को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 64 में बनाई जगह

कानपुर : द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में चल रही यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 के पांचवें दिन टीएसएच के खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। टीएसएच के आशुतोष गुप्ता ने राउंड ऑफ 128 के कड़े मुकाबले में नोयडा के सिद्धांत जैन को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 64 में प्रवेश किया। पांच गेम तक चले मुकाबले में आशुतोष ने शानदार धैर्य और जुझारूपन दिखाया। उनकी इस सफलता पर कोच सत्यम मिश्रा ने खुशी जताते हुए इसका श्रेय आशुतोष की लगन और कड़ी मेहनत को दिया तथा अगले मुकाबले के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में टीएसएच के अर्नव आनंद ने दूसरे दौर में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। अर्नव यदि दूसरे दौर में भी जीत दर्ज करते हैं तो मुख्य ड्रॉ के लिए क्वालीफाई कर जाएंगे।

अंडर-15 में फाइनल के लिए जोरदार मुकाबले

चैंपियनशिप के पांचवें दिन यूथ बालक और बालिका अंडर-15 वर्ग के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, धैर्य और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। दोनों वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहे और खिलाड़ियों ने फाइनल में स्थान बनाने के लिए पूरा दम लगा दिया।

प्रतीक और राजदीप फाइनल में

यूथ बालक अंडर-15 के पहले सेमीफाइनल में प्रतीक ने पश्चिम बंगाल के रिशान चट्टोपाध्याय को सीधे गेमों में 13-11, 11-8, 11-6 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में राजदीप और पंजाब के त्रिजल वोहरा के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। राजदीप ने पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 14-12, 13-11, 7-11, 6-11, 13-11 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

इससे पहले क्वार्टर फाइनल में रिशान ने गोवा के चंदन सिनाई कारो को 11-3, 9-11, 11-7, 5-11, 11-4 से हराया। प्रतीक ने पश्चिम बंगाल के सौस्वर्य बनर्जी को 5-11, 11-6, 11-4, 11-5 से शिकस्त दी। त्रिजल वोहरा ने हरियाणा के कृषिव गर्ग को 7-11, 9-11, 11-3, 11-9, 11-5 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि राजदीप ने पश्चिम बंगाल के अंशुमान फ्रॉय को 11-7, 11-6, 11-3 से पराजित किया।

तनीष्का और सत्या ने भी फाइनल में बनाई जगह

यूथ बालिका अंडर-15 के सेमीफाइनल में तनीष्का ने पश्चिम बंगाल की शरीका शाहिद को 11-5, 11-9, 13-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में सत्या ने तमिलनाडु की बी. वार्णिका को 13-11, 7-11, 12-10, 11-8 से हराया।

क्वार्टर फाइनल में तनीष्का ने पश्चिम बंगाल की तिताश चटर्जी को 11-1, 11-7, 11-6 से मात दी। शरीका शाहिद ने पश्चिम बंगाल की स्रेओस्री चक्रवर्ती को 11-7, 11-9, 11-7 से हराया। सत्या ने असम की दिविजा पॉल को पांच गेम के मुकाबले में 11-3, 11-9, 8-11, 11-6, 11-4 से पराजित किया। वहीं बी. वार्णिका ने पीएसपीबीए की आर्या रेडकर को 13-11, 6-11, 11-8, 11-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पांचवें दिन के मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। विशेष रूप से अंडर-15 बालक वर्ग में राजदीप और त्रिजल के बीच मुकाबले तथा बालिका वर्ग के रोमांचक मैचों ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। चैंपियनशिप में देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button