उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

पौधा लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है : कुलजीत सिंह चहल

स्थानीय लोगों, RWA और NDMC कर्मचारियों ने मिलकर किया पौधारोपण

नई दिल्ली | नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज अशोक रोड स्थित आदित्य सदन NDMC हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में ‘#EkPedMaaKeNaam_OnSunday’ अभियान के 37वें लगातार रविवार के अवसर पर पौधारोपण किया। इस अवसर पर स्थानीय निवासी, RWA के पदाधिकारी, बच्चे, महिलाओं तथा NDMC के अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए। श्री चहल ने कहा कि 37 सप्ताह से लगातार चल रहा यह अभियान बताता है कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता और भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

श्री चहल ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है। पौधे की नियमित देखभाल, पानी देना और उसकी सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है, ताकि वह एक मजबूत और स्वस्थ पेड़ बन सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लें और उनके विकास में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को जोड़ता है। आज लगाया गया हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और स्वस्थ जीवन की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और RWA पदाधिकारियों ने क्षेत्र से जुड़ी कई नागरिक समस्याएं भी श्री चहल के सामने रखीं। इनमें बंदरों की समस्या, पार्क की सफाई और रखरखाव, लिफ्ट की आवश्यकता, जिम में सुधार तथा बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने जैसे मुद्दे शामिल थे।

श्री चहल ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि RWA और स्थानीय निवासियों के साथ सीधा संवाद होने से क्षेत्र की समस्याओं को समझने और उनका जल्द समाधान करने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में सिविल, इलेक्ट्रिकल, स्वास्थ्य और हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। RWA की ओर से अध्यक्ष श्री हरि सिंह, श्री मनोज गिर्भाय, श्री गिरिश पंत, श्री मनोज डबराल, श्री करम चंद और श्री कमल किशोर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बच्चों ने पर्यावरण और पेड़ों के महत्व पर कविताएं एवं भाषण भी प्रस्तुत किए। श्री चहल ने बच्चों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना बहुत जरूरी है।

श्री चहल ने कहा कि यह अभियान अब केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को पर्यावरण की देखभाल के लिए लगातार जोड़ने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने लोगों से ‘पौधा लगाएं, पौधे को बचाएं और उसे पेड़ बनाएं’ के संकल्प के साथ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हर एक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी एक अनमोल विरासत है। यदि हर व्यक्ति अपने आसपास एक पौधे की जिम्मेदारी ले, तो मिलकर हम नई दिल्ली को और अधिक स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ बना सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button