उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

निरंकारी यूथ फोरम: टीएसएच में आध्यात्म, सेवा, खेल एवं संस्कृति से युवा सशक्तिकरण

कानपुर : संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित निरंकारी यूथ सिम्पोजियम (NYF Games) का आयोजन टीएसएच आर्यनगर में किया गया, जहाँ युवा वर्ग को आध्यात्मिक जागरूकता, निःस्वार्थ सेवा, शारीरिक सुदृढ़ता एवं सांस्कृतिक समृद्धि के संतुलित मार्ग पर प्रेरित किया गया।

सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के दिव्य आशीर्वाद से निरंकारी यूथ फोरम (NYF) युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करता है, जहाँ वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए विनम्रता, अनुशासन, एकता एवं करुणा जैसे जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हैं। द स्पोर्ट्स हब में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को एक सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज द्वारा मिशन का ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को आशीर्वाद देते हुए सत्गुरु माता जी ने कहा कि “इस निरंकार प्रभु ने हमें यह तन बख्शा है, इसलिए हमारा शरीर स्वस्थ रहे, मन स्वस्थ रहे और हम प्रदूषण से दूर रहें। खेलों के माध्यम से टीम स्पिरिट देखने को मिलती है—अकेले तो हर कोई जी लेता है, लेकिन सभी को साथ लेकर जीने से ही संसार सुंदर बनता है। सभी का उत्साह ऐसे ही बना रहे और अपने जीवन को भक्ति से महकाएं।”

द स्पोर्ट्स हब में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे उत्तर प्रदेश से 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में ऊर्जा, एकता एवं भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला।

निरंकारी यूथ फोरम की एक विशेषता खेलों को समग्र विकास का माध्यम मानना है। द स्पोर्ट्स हब, टीएसएच आर्यनगर में आयोजित क्रिकेट, फुटबॉल एवं एथलेटिक्स जैसी खेल गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सच्चे खेलभाव जैसे महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास करती हैं, जिससे आपसी भाईचारे एवं एकता की भावना को बल मिलता है।

इसके साथ ही, NYF द्वारा सांस्कृतिक एवं स्थानीय विरासत से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्रोत्साहित किया जाता है, जिनमें संगीत, नाटक, कला एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। टीएसएच आर्यनगर के द स्पोर्ट्स हब में हुई इन प्रस्तुतियों ने स्थानीय संस्कृति एवं इतिहास के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी दिया।

इन सभी प्रयासों के माध्यम से NYF यह संदेश देता है कि वास्तविक विकास शरीर, मन एवं आत्मा के समन्वित विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गहरी समझ एवं सम्मान में निहित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button