कुलजीत सिंह चहल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” विजन के तहत महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास किया
विनय मार्ग क्षेत्र में 24x7 जल आपूर्ति परियोजना के प्रथम चरण का शिलान्यास

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” विजन के उद्देश्य से, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने चाणक्यपुरी स्थित विनय मार्ग क्षेत्र में 24 घंटे निरंतर स्वच्छ जल आपूर्ति (24×7 Water Supply) परियोजना के प्रथम चरण के साथ-साथ भैरों मंदिर, नेहरू पार्क में सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर श्री चहल ने कहा कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की एक प्रमुख नगरपालिका संस्था है, जिसका प्रशासनिक क्षेत्र दिल्ली के कुल भौगोलिक क्षेत्र का लगभग 3 प्रतिशत है। राजधानी क्षेत्र की सेवा करने वाली संस्था होने के नाते NDMC की जिम्मेदारी नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है।
*विनय मार्ग क्षेत्र में 24×7 जल आपूर्ति परियोजना*
श्री चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर जल योजना के अंतर्गत प्रत्येक घर तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मौजूदा जल आपूर्ति प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए NDMC द्वारा विनय मार्ग जल बूस्टिंग स्टेशन के अंतर्गत 24 घंटे जल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु इस पायलट परियोजना को लागू किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए एक परामर्शदाता (Consultant) नियुक्त किया गया था, जिसकी सिफारिशों के आधार पर योजना तैयार की गई है।
श्री चहल ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत विनय मार्ग बूस्टिंग स्टेशन पर आधुनिक VFD आधारित मोटर पंप सेट लगाए जाएंगे तथा जल आपूर्ति को बेहतर और निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी आधारित उपकरण, ऑटोमेशन प्रणाली, डेटा विश्लेषण व्यवस्था तथा SCADA प्रणाली का समावेश किया जाएगा, जिससे जल आपूर्ति की निगरानी अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बन सके।
इसके अतिरिक्त, मौजूदा जल पाइपलाइन नेटवर्क में आवश्यक विद्युत एवं यांत्रिक सुधार कार्य भी किए जाएंगे, जिससे संपूर्ण प्रणाली अधिक सक्षम और विश्वसनीय बन सके।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए 1.38 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है तथा इसे लगभग 5 माह की अवधि में पूर्ण किया जाएगा। विनय मार्ग क्षेत्र के लगभग 550 जल कनेक्शन इस परियोजना से लाभान्वित होंगे।
श्री चहल ने आगे बताया कि NDMC द्वारा पूरे क्षेत्र में 24×7 जल आपूर्ति व्यवस्था लागू करने के लिए अध्ययन एवं डिजाइन तैयार करने हेतु परामर्शदाता की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। अगले एक माह में परामर्शदाता नियुक्त कर विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य जल हानि (Non-Revenue Water) को कम करना, जल आपूर्ति प्रणाली को पूर्णतः स्वचालित बनाना तथा संबंधित क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
*भैरों मंदिर, नेहरू पार्क में सौंदर्यीकरण कार्य*
श्री चहल ने बताया कि NDMC द्वारा भैरों मंदिर, नेहरू पार्क, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।
इन कार्यों के अंतर्गत प्रवेश द्वार (Entry Gate) का सौंदर्यीकरण, रेलिंग (Railing) का निर्माण, ट्री गार्ड (Tree Guard) का सौंदर्यीकरण, RMC फुटपाथ का निर्माण तथा कुएं की लाल पत्थर (Red Stone) से क्लैडिंग का कार्य किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र की सुंदरता को बढ़ाना तथा श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस परियोजना की कुल लागत लगभग 11 लाख रुपये है तथा इसे लगभग 5 माह की अवधि में पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर सिविल, हॉर्टिकल्चर एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में श्री चहल ने कहा कि NDMC की टीम माननीय प्रधानमंत्री के “विकसित भारत” के विजन को साकार करने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है तथा नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।



