अर्थ समिट 2025-26 के हैदराबाद संस्करण में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री ने किसानों की खुशहाली के लिए सरकार की गहरी प्रतिबद्धता दोहराई

लखनऊ : तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का मल्लू ने अर्थ समिट 2025-26 के हैदराबाद संस्करण के उद्घाटन सत्र में ‘टुवर्ड्स एन इन्क्लूसिव इकोनॉमिक फ्यूचर: एम्पावरिंग रूरल इंडिया थ्रू रिफॉर्म एंड इनोवेशन’ विषय पर बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा सिंचाई, डिजिटल फसल रिकॉर्ड और फसल कटाई के बाद की व्यवस्था में किए जा रहे निवेश से ग्रामीण परिवारों का भरोसा फिर से वापस लाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा, “ये कदम दर्शाते हैं कि हमारी सरकार किसानों के साथ सिर्फ मुश्किल के समय ही नहीं, बल्कि उनकी रोज़मर्रा की प्रगति और खुशहाली की यात्रा में भी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।”
ग्रामीण विकास को लेकर सरकार की सोच पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा: “तेलंगाना में हमारे सभी प्रयास डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, एग्रीटेक, फिनटेक, नवीकरणीय ऊर्जा और इनक्यूबेशन नेटवर्क समग्र दृष्टिकोण का हिस्सा हैं। ग्रामीण विकास धीरे-धीरे नहीं, बल्कि तेजी से और बड़े स्तर पर होना चाहिए।”
तेलंगाना सरकार के एग्रीकल्चर, मार्केटिंग, को-ऑपरेशन और हैंडलूम्स एवं टेक्सटाइल्स विभाग के माननीय मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने भी सरकार के मजबूत समर्थन को दोहराते हुए कहा: “खेती हमारी अर्थव्यवस्था की नींव है। भारत की प्रगति के लिए हमें नवाचार, तकनीक और सामूहिक प्रयास के माध्यम से किसानों को मजबूत करना होगा। प्रत्येक किसान को लाभ पहुंचाने वाली एक सशक्त सहकारी और मार्केटिंग व्यवस्था विकसित करने के लिए राज्य सरकार हर आवश्यक सहयोग देने के लिए तैयार है ।”
उद्घाटन सत्र को नाबार्ड के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर गोवर्धन सिंह रावत और डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार सूद ने भी संबोधित किया। दोनों ने भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए नाबार्ड की प्रतिबद्धता को दोहराया।
अर्थ समिट 2025–26 का आयोजन नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (नाबार्ड) और इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। यह दो दिवसीय सम्मेलन दक्षिण, पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के पॉलिसीमेकर्स, स्टार्टअप्स, वित्तीय संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, क्लाइमेट-टेक इनोवेटर्स और ऊर्जा कंपनियों को एक साथ लाकर ग्रामीण भारत के भविष्य पर नए विचार साझा करने का मंच प्रदान करता है।
वैश्विक बदलाव के लिए ग्रामीण नवाचार को सशक्त बनाना’ थीम पर आधारित, हैदराबाद संस्करण 20-21 नवंबर 2025 को हिटेक्स एग्ज़िबिशन सेंटर में आयोजित किया जा रहा है। इसमें 2,000 से अधिक प्रतिभागी, 80 से अधिक वक्ता और पैनलिस्ट, 50 से अधिक प्रदर्शक, 25 से अधिक सत्र, 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी, और 1 प्रमुख हैकथॉन शामिल होंगे।



