पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद करेगी “एक दिन– एक घंटा– एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन : कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली : महात्मा गांधी जी के दिखाए हुए स्वच्छता के रास्ते पर आइए, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस पर हम सब मिलकर स्वच्छता के लिए श्रमदान दें ।_ नई दिल्ली नगरपालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर “एक दिन – एक घंटा – एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन कल, 25 सितंबर 2025 को प्रातः 8:00 बजे से 9.00 बजे तक करेगी – यह जानकारी परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज दी।
श्री चहल ने बताया कि इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज परिषद कक्ष में एनडीएमसी के अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा जी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि श्रमदान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 56 कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक 14 सैनिटेशन सर्कल में एक-एक नोडल अधिकारी और उनके अधीन 3-3 उप नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि परिषद का प्रत्येक कर्मचारी सुबह 8 से 9 बजे तक इस श्रमदान कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग ले।
श्री चहल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि प्रत्येक कर्मचारी पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान का हिस्सा बने, क्योंकि कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ही इस श्रमदान कार्यक्रम की सफलता की कुंजी है।
उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम के दौरान केवल मैनुअल श्रमदान ही नहीं, बल्कि एनडीएमसी की आधुनिक मशीनें जैसे – मैकेनिकल रोड स्वीपर, प्रेशर जेटिंग मशीनें, स्क्रबिंग मशीनें आदि का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे यह अभियान और अधिक प्रभावी एवं परिणामदायक बन सके।
श्री चहल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने “स्वच्छ भारत मिशन” की शुरुआत एनडीएमसी क्षेत्र स्थित मंदिर मार्ग से की थी, जो परिषद के लिए गर्व का विषय है। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए कल का यह श्रमदान कार्यक्रम पूरे उत्साह और भव्यता से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि एनडीएमसी पहले से ही अपने क्षेत्रों में नाइट वेट क्लीनिंग और नाइट स्वीपिंग जैसी विशेष पहल की है। इसका उद्देश्य है कि नागरिकों को सुबह के समय स्वच्छ, धूल-मुक्त और सुखद वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने नई दिल्ली क्षेत्र के नागरिकों और आगंतुकों से भी इस श्रमदान अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया, ताकि परिषद क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जा सके.



