उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में आयोजित राजभाषा पखवाड़ा कार्यक्रम में ‘बूढ़ी काकी’ नाटक का मंचन

लखनऊ । पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में 17 से 29 सितम्बर 2025 तक मनाये जाने वाले ‘‘राजभाषा पखवाड़ा’’ के अवसर पर मंडल रेल प्रबन्धक कार्यालय, लखनऊ के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित उद्घाटन समारोह में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इंफ्रा. भुवनेश सिंह ने कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रोफेसर अल्का पाण्डेय, हिन्दी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय को पौधा एवं स्मृति चिन्ह् देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ, विशिष्ट अतिथि श्रुति गुप्ता, अध्यक्ष पूर्वाेत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, मण्डल रेल प्रबन्धक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इंफ्रा. भुवनेश सिंह, व शाखाधिकारियों तथा महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इसके पश्चात मण्डल के कलाकारों ने सांस्कृृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
इसके उपरांत जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि लखनऊ मंडल पर आयोजित होने वाले राजभाषा पखवाड़ा-2025 के उद्घाटन के अवसर पर आप सभी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। मण्डल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा करते हुए आग्रह करता हूँ कि अपना समस्त कामकाज सतत् रूप से हिंदी में करते रहें।
अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल ने कहा कि आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आजाद भारत के लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में राजभाषा हिंदी की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हिंदी लोकतांत्रिक गणराज्य व्यवस्था के नये भारत में जनता और शासन के मध्य अधिकतम लोगों की जन भाषा है, जिसे संपर्क भाषा के रूप में सार्थक भूमिका के लिए काफी विचार-विमर्श के बाद संविधान सभा ने 14 सितंबर, 1949 को राजभाषा के रूप में देवनागरी लिपि में अंगीकार किया। इस दिवस की स्मृति में भारत सरकार द्वारा केन्द्र सरकार के सभी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग-प्रसार के उद्देश्य से 14 सितंबर को प्रतिवर्ष हिंदी दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया और 14 सितंबर, 1953 को पहली बार हिंदी दिवस पूरे देश में मनाया गया, जिसके बाद से इस दिवस को अनवरत रूप से ’हिंदी दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। अपने दैनिक सरकारी कामकाज में अनवरत हिंदी का प्रयोग करना हमारा संवैधानिक व प्रशासनिक उत्तरदायित्व है। हमारी भारतीय रेल देश की जीवन रेखा है, जो देश के कोन-कोने से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहॅुचाती है तथा सह यात्रियों को एक-दूसरे से संपर्क कराती है। इस प्रकार भारतीय रेल सम्पर्क भाषा के रुप में राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार एवं समृद्धि में अत्यधिक योगदान करती है।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रोफेसर अल्का पाण्डेय, ने अपने सम्बोधन में कहा कि हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार में त्रि भाषा का कोई अनुपालन कर रहा है तो वह भारतीय रेल है। भारत वर्ष में रेलवे की हिन्दी के प्रचार-प्रसार में भूमिका अतुलनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होंने कहा की स्वभाषा, स्वदेशी, स्वराज यह हमें हिन्दी भाषा ही सिखाती है। हिंदी भाषा राष्ट्रचेतना की सम्वाहिका के रूप में कार्य करती है। उन्होने कहा कि भाषा हमेशा अपनी भावनाओं व संवेदनाओं को प्रकट करती है। इसी भाव से हिन्दी को भाषा के रूप में अपने घर में अपने बच्चों के साथ प्रयोग में लाइये।
कार्यक्रम के अन्त में मण्डल के रेल कर्मियों द्वारा महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचन्द की रचना पर आधारित शीर्षक ’बूढ़ी काकी’, की नाट्य प्रस्तुति की गयी एवं जिसका नाट्य रुपांतर रत्ना अग्रवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जनसम्पर्क अधिकारी व धन्यवाद ज्ञापन इडीपीएम महोदय द्वारा किया गया। इस अवसर पर यूनियन/एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button