उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

हिंदुत्व के दर्शन में ही समाहित है नस्लीय और लैंगिक घृणा

नागरिक परिक्रमा

संजय पराते

संघी गिरोह की अल्पसंख्यकों और महिलाओं से नफरत जगजाहिर हैं और हम अपने दैनिक जीवन में भी अक्सर संघी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनके मुखारविंद से इन लोगों के प्रति अश्लील संवाद उच्चारते देखते-सुनते हैं। उन्हें इस पर शर्म भी नहीं आती और वे अपने इस व्यवहार को हिन्दुत्व के गौरव भाव से उचित ठहराते हैं। गोदी मीडिया से बाहर संघी गिरोह द्वारा महिलाओं से निम्न स्तर का व्यवहार करने की घटनाएं पढ़ने को प्रायः मिल जाती हैं। कुछ घटनाएं इतनी महत्व ले लेती है कि गोदी मीडिया के लिए भी उन्हें छुपाना आसान नहीं होता और किसी पेज के कोने-कांटे में उसे जगह देनी ही पड़ती है।

दरअसल, नस्लीय और लैंगिक घृणा हिंदुत्व के दर्शन में ही समाहित हैं। संघी गिरोह के हिंदुत्व के दर्शन को प्रतिपादित करने का सबसे बड़ा श्रेय सावरकर को जाता है, जिन्होंने अपनी बहुचर्चित पुस्तक ‘हिंदुत्व’ में इसे विस्तार से व्याख्यायित करने की कोशिश की थी। जब 1944 में अमेरिकी पत्रकार टॉम ट्रेनर ने एक साक्षात्कार में उनसे पूछा था : “आप मुसलमानों के साथ किस तरह का बर्ताव करने की योजना बना रहे हैं?”, तो सावरकर का उत्तर था : “एक अल्पसंख्यक समुदाय के रूप में, आपके यहां के नीग्रो लोगों के साथ जैसा बर्ताव होता है, ठीक उसी तरह का।” अल्पसंख्यकों के प्रति संघी गिरोह का आचार-व्यवहार सावरकर के इसी विचार से निर्देशित होता है। यह इतिहास का सत्य और वर्तमान का तथ्य है कि गोरे अमेरिकियों ने वहां के मूल निवासी नीग्रो के साथ किस प्रकार बर्बरतापूर्वक व्यवहार किया है, उनके नस्लीय सफाए की योजना बनाई है और आज भी उन्हें बाड़ों में जानवरों जैसे कैद करके रखते हैं।

हिंदुत्व के जिस दर्शन की सावरकर ने स्थापना की है, उसके बारे में उनका साफ-साफ कहना था कि इस हिंदुत्व का हिंदू धर्म से कोई लेना देना नहीं है और हिंदुत्व हिंदू राष्ट्र को स्थापित करने की एक राजनीति है। सावरकर के हिंदुत्व को जिन चंद शब्दों में व्यक्त किया जा सकता है, और वे शब्द हैं : हिंसा, प्रतिशोध, घृणा और बर्बरता। अल्पसंख्यकों के प्रति इन्हीं भावनाओं के समावेश से वे एक आक्रामक और क्रूर हिन्दू राष्ट्र की स्थापना करने का सपना देखते थे। इसलिए नस्लीय घृणा पर टिकी हिंदुत्व की विचारधारा वास्तव में एक फासीवादी राजनीतिक विचारधारा ही है। सभी जानते हैं कि फासीवाद की विचारधारा के प्रणेता हिटलर और मुसोलिनी थे, जो आज भी संघ के प्रातः स्मरणीय पूज्य व्यक्ति है। इसलिए यह भी कहा जा सकता है कि हिंदुत्व भारतीय परिस्थितियों में विकसित फासीवाद है।

हम सभी जानते हैं कि हिन्दू धर्म ठीक उसी तरह का धर्म नहीं है, जैसे कि इस्लाम और ईसाई धर्म हैं। यह धर्म अपनी विभिन्न शाखाओं के साथ विविधता में एकता को समाहित करते हुए सदियों में विकसित हुआ है और सार रूप में उदार और सहिष्णु है। हिंदू धर्म की यह विशेषता ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के सूत्र में झलकती है। हिंदू धर्म की यही विशेषता आज संघी गिरोह को खटकती है, क्योंकि हिंदू धर्म का यह सार उनके ‘हिन्दू राष्ट्र’ की स्थापना में बाधक है। इसलिए वे जी-जान से दैनंदिन जीवन में हिंदू धर्म के इस सार को खत्म करने, देवी-देवताओं की जनमानस में बैठी उदार छवि को आक्रामक और बर्बर बनाने में लगे रहते हैं। यह सब केवल इसलिए किया जा रहा है कि एक असहिष्णु और बर्बर हिंदू धर्म ही उनकी हिंदुत्व की फासीवादी राजनीति को आगे बढ़ा सकती है।

इस लक्ष्य को पाने के लिए वे हिंदुओं को राष्ट्रवादी (भारतीय) और गैर-हिंदुओं को राष्ट्रविरोधी (विदेशी या गैर-भारतीय) के रूप में चित्रित करते हैं। हिंदू उनके लिए राष्ट्र है और अल्पसंख्यक इस राष्ट्र में निवास करने वाला मात्र एक समुदाय और इस समुदाय को वे राष्ट्र (हिंदुओं) के अधीन करने का खुलकर ऐलान करते है। इस प्रकार, वे अल्पसंख्यकों को नागरिक अधिकारों से वंचित करके बहुसंख्यकों का गुलाम बनाना चाहते हैं। वे अल्पसंख्यकों का भारत में रहना या नहीं रहना भी बहुसंख्यक हिंदुओं की मर्जी की बात बनाना चाहते हैं।

जिस तरह हिटलर की फासीवादी विचारधार आधुनिक लोकतंत्र की अवधारणा के खिलाफ थी, उसी प्रकार संघी गिरोह की हिंदुत्व की विचारधारा भी आधुनिक लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ जाती है। आधुनिक लोकतंत्र नस्ल, जाति, भाषा, धर्म, लिंग आदि के आधार पर भेदभाव पर रोक लगाती है और समावेशिता के आधार पर नागरिक मूल्यों को स्थापित करती है। लेकिन संघी दर्शन समावेशिता पर नहीं, बहिष्करण पर बल देता है। यह दर्शन ‘एक राष्ट्र, एक जाति, एक संस्कृति’ पर बल देता है और हमारे देश की उस बहुलतावादी संस्कृति और विविधता को नकारता है, जिसकी नींव पर स्वतंत्रता के बाद हम भारत के लोगों ने इस देश को एक आधुनिक राष्ट्र में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया है।

यह दर्शन गैर-हिंदुओं पर अपने सांस्कृतिक प्रभुत्व को स्थापित करने के लिए तरह-तरह की तिकड़मों का सहारा लेता है, जिसका एकमात्र मकसद यह है कि किस तरह अल्पसंख्यकों को इस देश की मुख्यधारा से काटकर हाशिए पर पटका जाए और राष्ट्रीय जीवन में उनकी उपस्थिति को महत्वहीन बना दिया जाएं। इसके लिए वे कभी एनआरसी की कवायद करते हैं, तो कभी नई मतदाता सूची बनाने के नाम पर एसआईआर की, ताकि अल्पसंख्यकों और सामाजिक-आर्थिक जीवन में पिछड़े और कमजोर लोगों को नागरिकता और मताधिकार से वंचित कर सके। वे प्रायः अल्पसंख्यकों की रोजी रोटी को निशाना बनाकर नफरत फैलाने की राजनीति करते है। वे प्रायः अल्पसंख्यकों को उनकी धार्मिक स्वतंत्रता से वंचित करके उन्हें उनकी उपासना विधियों से महरूम करने की चालें चलते रहते हैं और दैनिक जीवन में हिंदुओं की पूजा पद्धति को, उनके धार्मिक संस्कार और आचरण को और उनके अंधविश्वासों को भी आस्था के नाम पर पूरे समाज में थोपने की कोशिश करते हैं, ताकि इस देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को एक असहिष्णु धार्मिक राष्ट्र में बदला जा सके। वे प्रायः रोजगार की जगह दंगों का सृजन करते हैं, जिसके बहुसंख्यक हिंदुओं के आतंक को कायम किया जा सके।

अल्पसंख्यकों के खिलाफ उनकी नफरत महिलाओं के खिलाफ निम्न स्तर के आचरण और बलात्कार को भी औचित्य प्रदान करती है। यह बात नहीं भूलनी चाहिए कि बीफ-प्रेमी सावरकर बलात्कार जैसे घृणित कृत्य को भी हिंदुत्व स्थापित करने का महत्वपूर्ण हथियार मानते थे और उन्होंने शिवाजी की भी इस मामले में तीखी आलोचना की है कि उन्होंने अपने जीवन में मुस्लिम महिलाओं के साथ काफी उदारता बरती, जिसने भारत के एक हिन्दू राष्ट्र बनने की प्रक्रिया को बाधित किया। उनका स्पष्ट विचार था कि हिन्दू राजाओं को अपने विजित राज्य के मुसलमान राजाओं की पत्नियों तथा बहू-बेटियों और आम जनता में मुस्लिम महिलाओं से बलात्कार न करना एक चूक थी। आज हिंदू समुदाय को यह चूक नहीं करना चाहिए। संघ का यह जीवन दर्शन इस बात को स्पष्ट करता है कि भाजपा राज के 11 सालों में इस देश में बलात्कारों की संख्या में इतनी बढ़ोतरी और दोष सिद्धि की दर इतनी गिरावट कैसे हुई है और क्यों बलात्कारियों को इतने बड़े पैमाने पर राजनैतिक संरक्षण मिलता है?

हिंदुत्व के दर्शन में समाहित इस नस्लीय और लैंगिक घृणा का एक ही जवाब है कि स्वाधीनता संग्राम में विकसित भाईचारे के मूल्यों को, हमारे संविधान में निहित धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा के लिए और संघ भाजपा की नफरत और देशद्रोही राजनीति के खिलाफ एक विशाल नागरिक आंदोलन खड़ा करने की पुरजोर कोशिश की जाएं।

(लेखक अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान सभा के उपाध्यक्ष हैं। )

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button