सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा किसी भी हद तक अनैतिक कदम उठा सकती है : मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदिरा भवन में ध्वजारोहण कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि सत्ता में बने रहने के लिए भारतीय जनता पार्टी किसी भी हद तक अनैतिक कदम उठा सकती है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के हालिया खुलासे का हवाला देते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर लोकसभा चुनाव में गड़बड़ियां सामने आ रही हैं और कांग्रेस पार्टी कई अन्य सीटों का भी गहन अध्ययन कर रही है।
इससे पहले मल्लिकार्जुन खरगे ने इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं, जहां राहुल गांधी समेत कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
चुनावों में हो रही धांधली का जिक्र करते हुए खरगे ने चुनाव आयोग और भाजपा को पुरजोर तरीके से घेरा। चुनाव आयोग को मतदाता सूची सार्वजनिक करने का निर्देश देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग यह तक बताने को तैयार नहीं था कि किन लोगों के और किस आधार पर मतदाता सूची से नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर विपक्षी दलों के वोटों को काटा जा रहा है। जीवित लोगों को मृत घोषित किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने हैरानी जताई कि 65 लाख लोगों के वोट कटने पर भी सत्ताधारी दल को कोई आपत्ति नहीं है। इस बात से यह साफ होता है कि इस प्रक्रिया का लाभ किसे पहुंचाना था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के हालिया खुलासे ने यह साबित कर दिया है कि किस तरह से 2024 के लोकसभा चुनावों में धांधली कर सीटें जीती गईं। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर भी गड़बड़ी की आशंका व्यक्त की। उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी कई सीटों का गहन अध्ययन कर रही है। उन्होंने देशभर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची की बारीकी से जांच करें। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने गड़बड़ियों की जानकारी इकट्ठा करने के लिए एक वेबसाइट भी बनाई है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जीतने का नहीं, भारतीय लोकतंत्र को बचाने और संविधान को सुरक्षित रखने की लड़ाई है, जिसे लड़ने के लिए राहुल गांधी 17 अगस्त से बिहार के सासाराम से ‘वोट अधिकार यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं।
इस दौरान खरगे ने देश की आजादी और विकास में कांग्रेस के महत्वपूर्ण योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत को संविधान दिया और पार्टी के दूरदर्शी नेताओं ने मजबूत भारत की नींव रखी। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्टील कारखाने लगाए, बांध बनाए गए, नहरों के जाल बिछाए गए, वर्ल्ड क्लास इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज बनाए गए, स्पेस टेक्नोलॉजी स्थापित की गई।
वर्तमान चुनौतियों पर मोदी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के सामने कई बड़ी चुनौतियां उभरकर आई हैं। बेरोजगारी ने भयंकर रूप धारण कर लिया है। सरकारी नीतियां नौकरियों के सृजन के बजाय उन्हें खत्म कर रही हैं। संवैधानिक संस्थानों को सत्ताधारी दल ने योग्य व्यक्तियों की जगह अपनी विचारधारा के लोगों से भर दिया है।
खरगे ने केंद्र सरकार पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप दोहराया। विफल विदेश नीति पर भी मोदी सरकार को घेरते हुए खरगे ने कहा कि भारत ने गुटनिरपेक्ष नीति की वजह से दुनिया में जो विशिष्ट स्थान हासिल किया था, वह अब खो चुका है। एक समय भारत सभी विकासशील देशों की आवाज था, लेकिन आज हमारा कोई अपना नहीं है।



