पूर्वोत्तर रेलवे ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 45 रेलकर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया

गोरखपुर : रेल सप्ताह समारोह के अवसर पर रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में 04 मार्च, 2025 को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सौम्या माथुर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 45 रेलकर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में ट्रैक मेन्टेनर, तकनीशियन, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, लिपिक, विभिन्न विभागों के निरीक्षक एवं सेक्शन इंजीनियर, चिकित्साकर्मी तथा अधिकारी सम्मिलित थे, जिनकी समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवा से रेल की कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, उत्पादकता बढ़ी है, रेल दुर्घटनायें बचाई जा सकी हैं तथा तकनीकी सुझबूझ से अर्थिक स्वावलम्बन में बढ़ोत्तरी हुई है। अन्तर्मण्डलीय कार्यकुशलता शील्ड के अन्तर्गत महाप्रबन्धक सुश्री माथुर ने वाराणसी एवं लखनऊ मंडल को संयुक्त रूप से अन्तर्मण्डलीय सर्वांगीण कार्यकुशलता शील्ड प्रदान किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने वाराणसी मंडल को संरक्षा, यांत्रिक (सवारी/माल डिब्बा), इंजीनियरिंग, वाणिज्य, चिकित्सा, सुरक्षा, राजभाषा एवं जनसम्पर्क कार्यकुशलता शील्ड प्रदान किया। सुश्री माथुर ने वाराणसी मंडल को सर्वोत्तम नवोन्मेषी मंडल शील्ड प्रदान किया।
महाप्रबन्धक ने अन्तर्मण्डलीय परिचालन, कार्मिक एवं सिगनल कार्यकुशलता शील्ड लखनऊ तथा वाराणसी मंडल को संयुक्त रूप से प्रदान किया। इज्जतनगर मंडल को फ्यूल सेविंग, नागरिक केन्द्रित सेवा दक्षता शील्ड एवं सर्वोत्तम लोको अनुरक्षण शील्ड प्राप्त हुई। सौर ऊर्जा उत्पादन शील्ड इज्जतनगर एवं वाराणसी मंडल को तथा दूर संचार कार्यकुशलता शील्ड इज्जतनगर एवं लखनऊ मंडल को संयुक्त रूप से प्रदान की गई। लखनऊ मंडल को लोेको परिचालन, विद्युत, कर्षण वितरण, लेखा एवं भंडार की कार्यकुशलता शील्ड प्राप्त हुईं। मुख्यालय स्थित सर्वोत्तम व्यवस्थित कार्यालय की शील्ड प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय को प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त समारोह में महाप्रबन्धक सौम्या माथुर ने उत्कृष्ट कार्य सम्पादन के लिये मुख्यालय एवं मंडलों के 45 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर-2024” पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुये महाप्रबन्धक सौम्या माथुर ने 69वें रेल सप्ताह पुरस्कार वितरण समारोह में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं एवं “स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर-2024” से सम्मानित होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुये कहा कि आप सभी के प्रयासों एवं उत्कृष्ट कार्यों से रेलवे की कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, उत्पादकता बढ़ी है तथा रेल संरक्षा के नये मानदंड स्थापित हुये हैं।
महाप्रबन्धक ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे अपने तीनों मंडलों- इज्जतनगर, वाराणसी एवं लखनऊ के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। गोरखपुर जं. स्टेशन एन.एस.जी.-1 श्रेणी में वर्गीकृत कुल 28 स्टेशनों में सम्मिलित हो गया है। महाकुम्भ को सफल एवं सुगम्य बनाने के लिये वाराणसी-माधोसिंह-प्रयागराज खंड की विद्युतीकरण सहित दोहरीकरण परियोजना तथा गंगा नदी पर दोहरी लाइन रेल पुल सहित पूर्ण हुई है तथा मेला क्षेत्र के अन्तर्गत झूसी एवं प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया, जिसका लोकार्पण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 13 दिसम्बर, 2024 को किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से महाकुम्भ-2025 में अमृत स्नान हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिये पर्याप्त संख्या में यात्री ट्रेनों का संचलन एवं सुविधाओं का विस्तार सम्भव हुआ है। इसके फलस्वरूप पूर्वोत्तर रेलवे के झूसी एवं प्रयागराज रामबाग सहित प्रयागराज क्षेत्र में स्टेशनों पर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। महाकुम्भ-2025 के पावन अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों से/होकर प्रयागराज क्षेत्र के लिये 3,000 से अधिक नियमित एवं मेला विशेष ट्रेनें चलाई गईं। उन्होंने आस्था के इस महापर्व महाकुम्भ को सफलतापूर्वक सम्पन्न करने में योगदान देने वाले सभी रेलकर्मियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि हमारे निष्ठावान रेलकर्मियों के प्रयासों के फलस्वरूप हम पूर्वाेत्तर रेलवे पर आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण हेतु चल रही परियोजनाओं को समय से पूरा करने में सफल हुये हैं। इस वित्त वर्ष में कुल 67 किमी. मल्टी-ट्रैकिंग का कार्य पूर्ण किया गया। इसके अतिरिक्त अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत इस रेलवे के 12 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य पूरा कर लिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे एक यात्री प्रधान रेलवे है। इस वित्त वर्ष में माह जनवरी तक इस रेलवे पर यात्री संख्या में गत वर्ष की तुलना में 18.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई जिसके कारण आरम्भिक यात्री यातायात से आय गत वर्ष की तुलना में 6.2 प्रतिशत अधिक है।
महाप्रबन्धक ने कहा कि रेल यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे संरक्षा के सुदृढ़ीकरण हेतु किये जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप बेहतर संरक्षा रिकॉर्ड के लिये पूर्वोत्तर रेलवे को भारतीय रेल स्तर पर अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह-2024 में संरक्षा शील्ड प्राप्त हुई। यात्री संतुष्टि को ध्यान में रखकर रेल मदद एवं सी.पी.ग्राम्स पर प्राप्त जन परिवादों का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जा रहा है। परिवाद निस्तारण की उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग के फलस्वरूप शत-प्रतिशत केसों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा से भी कम समय में किये जाने के फलस्वरूप हमें भारतीय रेल स्तर पर रेल मदद शील्ड प्राप्त हुआ और पूर्वोत्तर रेलवे ने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके लिये इस रेलवे को गोविंद वल्लभ पंत शील्ड प्रदान की गई है। पूर्वाेत्तर रेलवे पर सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं विस्तार आप सभी के अनवरत प्रयासों का प्रतिफल है। मैं सभी शील्ड एवं पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई देती हूँ। इसके साथ हमारे रेल परिवार के अभिन्न अंग, सभी रेलकर्मियों के परिवारजनों के प्रति आभार प्रकट करती हूँ, जिनके सहयोग से रेलकर्मी चिंतामुक्त होकर अपना ध्यान कार्यक्षेत्र में लगा पाते हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी रेल संचलन के प्रत्येक क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा पूर्वाेत्तर रेलवे को नई ऊँचाई पर ले जायेंगे।
इसके पूर्व, पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों द्वारा मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष, पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन हेमलता सिंह एवं संगठन की सदस्यायें, अपर महाप्रबन्धक दिनेश कुमार सिंह, प्रमुख विभागाध्यक्ष, तीनों मंडलों के मंडल रेल प्रबन्धक, वरिष्ठ रेल अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे। मुख्य कार्मिक अधिकारी/आई.आर. अवधेश कुमार ने महाप्रबन्धक सहित सभी वरिष्ठ रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया। मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार ंिसंह ने समारोह का सफल संचालन तथा धन्यवाद ज्ञापन किया।



