उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

बीएचयू इंजीनियर्स एलुमनी, लखनऊ का बारहवां महाधिवेशन धूमधाम से मनाया गया

लखनऊ : बीएचयू इंजीनियर्स एलुमनी, लखनऊ का बारहवां महाधिवेशन चौधरी चरण सिंह सभागार, सिंचाई भवन, एनेक्सी, उदयगंज, लखनऊ में बहुत धूमधाम से मनाया गया।
यह संगठन आईआईटी, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से उत्तीर्ण हुए लखनऊ में रह रहे अभियन्ताओं का संगठन है। इसमें विभिन्न अभियंत्रण विभागों में उच्च पदों पर सेवारत, उच्च पदों से सेवानिवृत्त तथा उद्यमी, लगभग 300 अभियन्ता सम्मिलित हैं।
इस महाधिवेशन में 1964 बैच से 2022 बैच के आईआईटी, बीएचयू के लगभग सत्तर अभियंताओं ने प्रतिभाग किया। समारोह के मुख्य आतिथेय थे, 1965 इलेक्ट्रिकल बैच के पुरा छात्र इं. डाॅ रमापति दुबे जी एवं अध्यक्षता इं. उदयभान पाण्डेय ने किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन इं. परेश प्रसाद, महासचिव एवं इं. संदीप जायसवाल, संयुक्त सचिव ने किया।
इं. परेश प्रसाद, महासचिव द्वारा सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए विशिष्ट सदस्यों को मंच पर आमंत्रित किया गया। मंचस्थ सदस्यों, इं. रमापति दुबे, इं. वी के सचदेवा,इं. विजय प्रताप, इं. अरुण, इं. नरेश चन्द्र श्रीवास्तव, इं. उदयभान पाण्डेय, अध्यक्ष एवं इं. कायम रज़ा रिज़्वी आदि द्वारा दीप-प्रज्वलन एवं महामना जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इसी तारतम्य में सभी ने खड़े होकर डाॅ. शान्ति स्वरूप भटनागर द्वारा रचित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का कुल गीत, “मधुर मनोहर अतीव सुन्दर, ये सर्वविद्या की राजधानी.. का गायन किया जिसने सभी को रोमांचित कर दिया और सभागार एक नई ऊर्जा से भर गया।
तदोपरांत मंचस्थ महानुभावों का माला, पुष्प गुच्छ एवं शाल के द्वारा अभिनन्दन किया गया। इसके पश्चात इं. परेश प्रसाद, महासचिव ने अपना वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए पूर्व में हुईं एवं भविष्य की होने वाली गतिविधियों पर प्रकाश डाला। महासचिव के प्रतिवेदन पर सदस्यों द्वारा चर्चा की गई तथा नये सदस्यों का परिचय एवं उनसे संवाद हुआ।
इस अवसर पर 1964 बैच के 2 अभियंताओं, इं. एल आर आर अग्रवाल एवं इं. आर एस अग्रवाल को, डिग्री प्राप्त करने की हीरक जयन्ती के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया। इसी अनुक्रम में 1974 बैच के 10 अभियंताओं, इं. अनिल कुमार, इं. ए के घोष, इं  गणेश अस्थाना, इं. गोविन्द राम अग्रवाल, इं. एस के राय, इं. राकेश गोयल, इं. राकेश वर्मा, इं.एस के मार्कण्डेय, इं. सुरेन्द्र नाथ सिंह एवं इं. सुरेन्द्र सिंह को डिग्री प्राप्त करने की स्वर्ण जयन्ती पर माला, माला, शाल एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।
इसी तारतम्य में विशिष्ट शैक्षिक एवं तकनीकी उपलब्धियों के लिए इं. राकेश वर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संस्था के प्रति समर्पण एवं विशेष योगदान के लिए वरिष्ठ सदस्य इं. नरेश चन्द्र श्रीवास्तव को “Award of Dedication and Outstanding Contributions” से सम्मानित किया गया। अध्यक्ष इं. उदयभान पाण्डेय ‘भान’ को काव्य एवं साहित्य-सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त करने पर संस्था द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त अस्सी वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले वरिष्ट पुरा छात्रों, इं. लाला रुक्मिनी रमन अग्रवाल 1964 इले., इं. रमापति दुबे 1965 इले., इं. जितेन्द्र नाथ सरीन 1966 इले. एवं इं. विनोद कुमार गुप्ता 1966 इले. को सपत्नीक सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सम्पादक इं. राजेश कुमार एवं सह सम्पाक इं. संदीप जायसवाल द्वारा संपादित बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी लखनऊ की एक स्मारिका का लोकार्पण मंचस्थ सदस्यों द्वारा किया गया।
मंचस्थ वरिष्ठ संरक्षक सदस्य इं. विजय प्रताप एवं इं. वी के सचदेवा एवं इं. अरुण आदि ने सभी को सम्बोधित करते हुए संगठन को और प्रभावशाली बनाने पर बल दिया और सभी को अपनी शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के मुख्य आतिथेय डॉक्टर रमा पति दुबे जी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों के योगदान की प्रशंसा की और नए अभियंताओं को जोड़ने के लिए कार्यकारिणी के सदस्यों से उत्प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सरस बनाने के लिए संस्था के सांस्कृतिक सचिव इं० अनिल कुमार गुप्ता के संचालन में कतिपय सदस्यों ने काव्य-पाठ करके सबको आनन्दित किया। इसी तारतम्य में इं. रिज़्वी, संदीप, अनिल कुमार ने कराओके पर फिल्म गीत सुनाकर समा बाँध दिया जिसकी सभी ने प्रशंसा की।
अन्त में अध्यक्ष इं. उदयभान पाण्डेय ने अपने सम्बोधन में कहा कि बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी लखनऊ, अब अपने बाल्यकाल से युवावस्था की ओर दृढ़ता से बढ़ रही है। यद्यपि वर्तमान में नये एवं पुराने सदस्य संस्था को गतिमान बनाये हुए हैं, पर इसमें अन्य नये युवा अभियन्ताओं का जुड़ाव होते रहना चाहिए जिससे संस्था ऊर्जावान बनी रहे। उन्होंने वरिष्ठ संस्थापक संरक्षक सदस्य इं. विजय प्रताप जी का, उनके निरन्तर मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम की सुदृढ़ व्यवस्था एवं मंच की सुन्दर साज-सज्जा के लिए उन्होंने इं० कायम रज़ा रिज़्वी और इं० परेश प्रसाद महासचिव की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अल्प समय में ही संस्था की स्मारिका का सुन्दर सम्पादन एवं प्रकाशन के लिए उन्होंने इं. राजेश कुमार एवं इं० संदीप जायसवाल को धन्यवाद दिया।
धन्यवाद ज्ञापन संस्था के उपाध्यक्ष इं० कायम रज़ा रिज़्वी ने किया। सबसे अन्त में
विगत में अल्यूमनी परिवार के दिवंगत हुए सदस्यों को सभी ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धाञ्जलि अर्पित किया और उपरोक्त कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button