उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की 241 वीं स्थाई वार्ता तंत्र की दो दिवसीय बैठक का आयोजन

प्रशासनिक कार्यों एवं कर्मचारी हित संबंधी बिंदुओं पर हुई वार्ता

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मंडलीय कार्यालय में स्थित सभागार में नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की दो दिवसीय 241वीं स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक का आयोजन किया गया l इस बैठक का शुभारम्भ मण्डल रेल प्रबंधक, श्री एस. एम. शर्मा द्वारा किया गया I

उल्लेखनीय है कि इस वार्ता तंत्र का आयोजन नियमित तौर पर किया जाता है, जिसका उद्देश्य प्रशासन एवं यूनियन के आपसी सामंजस्य एवं सहभागिता के द्वारा पारदर्शिता के साथ प्रशासनिक एवं कर्मचारी मुददों के त्वरित समाधान की दिशा में तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए उचित समय पर इनका निस्तारण करना है |

यूनियन तथा प्रशासन के उचित तालमेल द्वारा प्रशासनिक कार्यकलापों को सुगमतापूर्वक एवं सरलता के साथ निर्धारित समय पर संपन्न करने के साथ ही कर्मचारी हितों एवं कल्याण की दिशा में भी यह वार्ता तंत्र अपनी महत्वपूर्ण एवं सशक्त भूमिका का निर्वहन करती है I

इस बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल की वर्तमान उपलब्धियों एवं भविष्य में क्रियान्वित की जानेवाली विभिन्न योजनाओं एवं कार्यप्रणाली से यूनियन के पदाधिकारियों को अवगत कराया ,साथ ही उन्होंने कर्मचारियों के हितों की दिशा में रेल प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णयों एवं उठाये गए कदमों से भी यूनियन के पदाधिकारियों को अवगत कराया I

बैठक में नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन द्वारा लखनऊ मंडल के कर्मचारी हित एवं कल्याण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने की अपेक्षा की तथा आज की इस वार्ता में सेवानिवृत्त होने वाले रेल कर्मचारियों को देय धनराशि को समय पर भुगतान किये जाने, रेल कॉलोनियों की स्वच्छता, परित्यक्त रेल आवासों में रहने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर रेल आवास प्रदान किये जाने, चिकित्सकीय आधार पर विकोटिकृत कर्मचारियों को पुनः कार्य प्रदान करने, मण्डल के स्टेशनो, कार्यालयों एवं अन्य ईकाइयों में महिलाओं हेतु समुचित संख्या में शौचालयों की व्यवस्था एवं उनकी नियमित स्वच्छता, मंडलीय चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ में वृद्धि करना तथा मण्डल कार्यालय के रिकार्ड रूम का नवीनीकरण करना इत्यादि प्रमुख बिन्दुओ पर चर्चा हुई |


वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, अमित पाण्डेय द्वारा आयोजित इस बैठक में आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी, शिवगोपाल मिश्रा, नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के मण्डल अध्यक्ष, विभूति मिश्रा एवं मण्डल मंत्री,  आर. के. पाण्डेय, अपर मंडल रेल प्रबंधक,  शिवेंद्र शुक्ला सहित समस्त विभागों के विभागाध्यक्ष तथा यूनियन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button