उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

भाजपा को बिहार में बड़ा झटका, भाजपा सांसद अजय निषाद कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कांग्रेस में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को भी कांग्रेस ने भाजपा को बिहार में बड़ा झटका दिया है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में बिहार से भाजपा सांसद अजय निषाद कांग्रेस में शामिल हो गए। बिहार कांग्रेस के प्रभारी मोहन प्रकाश, कांग्रेस संचार विभाग में मीडिया एवं पब्लिसिटी के चेयरमैन पवन खेड़ा और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने अजय निषाद को कांग्रेस में शामिल कराया।

अजय निषाद वर्ष 2014 और 2019 में लगातार दो बार मुजफ्फरपुर से सांसद का चुनाव जीते हैं। उनके पिता पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. कैप्टन जय नारायण निषाद भी चार बार मुजफ्फरपुर से सांसद रहे हैं।

इस दौरान बिहार कांग्रेस के प्रभारी मोहन प्रकाश ने कहा कि अजय निषाद के पिताजी ने दलित, शोषित, पीड़ित, अति पिछड़ों के लिए हमेशा आवाज उठाई थी। अजय निषाद भी अपने पिताजी के रास्ते पर चलकर अति पिछड़ों की आवाज को बुलंद कर रहे हैं। बिहार की राजनीति में अजय निषाद और उनके परिवार का महत्त्वपूर्ण स्थान रहा है। वह पूरे कांग्रेस परिवार की तरफ से अजय निषाद का स्वागत करते हैं। उन्हें उम्मीद है कि वे इसी तरह अपनी आवाज को बुलंद करते रहेंगे।

वहीं बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि अजय निषाद का कांग्रेस में शामिल होना कांग्रेस संगठन को और मजबूती देगा। अजय निषाद के आने से मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, चंपारण में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

वहीं अजय निषाद ने कहा कि वह कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन्हें पार्टी में शामिल होने का मौका दिया। वह कांग्रेस को मजबूत करने के लिए दिन-रात काम करेंगे।

Cherish Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button