रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा बाराबंकी– रसौली रेलपथ पर दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण

लखनऊ : यात्री सुविधा एवं यात्री यातायात के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल निरंतर इस क्षेत्र में नवीन उपलब्धियों हेतु अग्रसर है I मंडल द्वारा यात्रियों को समय से पहुंचाने और ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए अविराम गति से दोहरीकरण व विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में 15 जनवरी 2024 को लखनऊ मंडल द्वारा एक उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गयी एवं मंडल के बाराबंकी–रसौली रेलखंड पर नवनिर्मित 7.46 किमी. रेलपथ के दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत रेल मार्ग के कार्य का रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर परिमंडल, दिनेश चंद देशवाल द्वारा निरीक्षण किया गया इ
विदित हो कि बाराबंकी से जौनपुर रेल खंड वाया अकबरपुर (237.65 किलोमीटर) में रेलपथ के दोहरीकरण/विद्युतीकरण सबंधी कार्यों के अंतर्गत आज के दोहरीकरण/विद्युतीकरण के कार्य की स्वीकृति के उपरांत बाराबंकी से जौनपुर रेलखंड पर कुल 167.89 किमी का रेल मार्ग दोहरीकृत/विद्युतीकृत हो जायेगा एवं इस रेल मार्ग पर परिचालन संभव हो सकेगा ।
अपने इस निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त,उत्तर परिमंडल, दिनेश चंद देशवाल द्वारा बाराबंकी एवं रसौली स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए स्टेशन पर पैनल रूम ,संरक्षा अभिलेखों, संरक्षा संबंधी कार्यालयों, संरक्षा के सभी आवश्यक मानकों, संसाधनों, उपकरणों, इत्यादि का विधिवत अवलोकन किया गया.

उन्होंने रेलपथ सहित अन्य समस्त आवश्यक प्रक्रियाओं का ट्राली द्वारा बाराबंकी एवं रसौली के मध्य गहनता से निरीक्षण किया तथा मार्ग में पड़ने वाले, समपार फाटकों , क्रासिंग , OHE installation , टर्न आउट, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा रेलपथ की संरक्षा की व्यवस्थाओं का भलीभांति जायजा लेते हुए इसकी समीक्षा की एवं इस विषय में आवश्यक सुझाव एवं निर्देश पारित किये I तदोपरांत उन्होंने रसौली-बाराबंकी के मध्य स्पीड ट्रायल किया I इस निरीक्षण में मंडल रेल प्रबंधक, श्री एस.एम.शर्मा एवं मुख्य अभियंता (निर्माण), श्री सुरेश कुमार सपरा भी उपस्थित रहे I
बाराबंकी यार्ड की री-मॉडलिंग के उपरांत रेल परिचालन में अपेक्षित वृद्धि एवं निम्न विशेषताएं होंगी:-
1. 4 मुख्य लाइनें होंगी जिसमें लाइनें 2 गोंडा की ओर तथा 2 लाइनें अयोध्या की ओर जाएंगी जिसके परिणाम स्वरूप मेल एक्सप्रेस और मालगाड़ियों को बेहतर गति प्राप्त हो सकेगी I
2. अयोध्या की ओर डबल लाइन को जोड़ा जाएगा जिससे मेल एक्सप्रेस और मालगाड़ियों की गति में वृद्धि होगी ।
3. गोंडा छोर की ओर एक और पूर्ण लंबाई वाली माल साइडिंग का प्रावधान किया गया है एवं इसकी कमीशनिंग हो चुकी है। जिससे हमारे माल ग्राहकों के लिए सीमेंट, उर्वरक, डी-ऑयल केक आदि की लोडिंग और अनलोडिंग में अधिक सुगमता और सुविधाएं प्राप्त होंगी ।
4. अत्याधुनिक तकनीक के साथ वितरित की जाने वाली दोहरे VDU संचालन के साथ इलेक्ट्रॉनिक इंटर लॉकिंग व्यवस्था।
5. 3 गेटों (174/सी, 175 और 177) को इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर्स के साथ अपग्रेड किया गया है। जिससे सुरक्षित संचालन और गेटों के शीघ्र खुलने और बंद होने से सड़क उपयोगकर्ताओं के आवागमन में सुविधा होगी ।



