उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

गाड़ी संख्या 12230 डाउन लखनऊ मेल का मंडल रेल प्रबंधक ने किया औचक निरीक्षण

लखनऊ मेल को मॉडल रेक ऑफ लखनऊ डिवीजन बनाने का लिया संकल्प

लखनऊ : मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ, एस. एम.शर्मा ने कल नई दिल्ली से चलकर आज लखनऊ जं.आने वाली गाड़ी संख्या 12230 डाउन लखनऊ मेल के रेक का औचक निरीक्षण किया।

इस गाड़ी को मॉडल रेक ऑफ लखनऊ डिवीजन बनाया जायेगा जिसमें उच्च स्तरीय एवं निर्धारित मानकों के अनुसार यात्री सुविधाएं होंगी। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने गाड़ी पर यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाली लिनेन,सीट, बायोटॉयलेट,संकेतक,वाटर बेसिन,स्वच्छता व्यवस्था इत्यादि की गुणवत्ता को परखा।

उन्होंने गाड़ी में लगे विद्युत संयंत्रों,स्विच,प्लग,वातानुकूलित संयंत्र,प्रकाश व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने गाड़ी में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनको यात्रियों के प्रति समर्पित रहकर यात्री सेवा संबंधी कर्तव्यों एवं संरक्षा दायित्वों में निरंतर वृद्धि करने हेतु प्रेरित किया।

उन्होंने गाड़ी स्टॉफ को निर्देश दिए कि वे सभी ट्रेन पर अपनी ड्यूटी के दौरान यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के संबंध में जानकारी प्रदान करें, ताकि यात्रीगण अपनी यात्रा संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी इस नंबर पर देकर उसका त्वरित समाधान करा सकें।

इसके अतिरिक्त उन्होंने नॉर्थ कोचिंग कॉम्प्लेक्स के बायो लैब टेस्टिंग रूम में पहुंचकर वहां की कार्य प्रणाली से अवगत होते हुए बायो टॉयलेट के उचित रखरखाव संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।इस निरीक्षण कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक, शिवेंद्र शुक्ला, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कैरिज एंड वैगन), अतुल सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता(सामान्य), संदीप श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी सम्मिलित हुए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button