उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

उत्तर प्रदेश में बैंक ऑफ बड़ौदा ने ‘बड़ौदा किसान पखवाड़ा’ के छठे संस्करण का उद्घाटन किया

भारतीय किसानों के लिए एक वार्षिक आउटरीच कार्यक्रम

लखनऊ : बैंक ऑफ बड़ौदा (बैंक) ने बड़ौदा किसान पखवाड़ा के छठे संस्करण के शुभारंभ की घोषणा की, जो बैंक का वार्षिक, एक पखवाड़े तक चलने वाला वृहद् कार्यक्रम है जो भारतीय कृषि अर्थव्यवस्था पर आधारित है। किसान सहभागिता कार्यक्रम 16 नवंबर, 2023 से शुरू होकर और 30 नवंबर, 2023 को बड़ौदा किसान दिवस समारोह के साथ समाप्त होगा।

लखनऊ अंचल “ बड़ौदा किसान पखवाड़ा “ के तहत शुक्रवार, 24 नवंबर, 2023 को अयोध्या में एक मेगा किसान मेला 2023 का आयोजन हुआ । लखनऊ अंचल जिसमें अयोध्या, गोरखपुर, कानपुर, रायबरेली, वाराणसी, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, लखनऊ, सुल्तानपुर और फ़तेहपुर सहित उत्तर प्रदेश का पूर्वी भाग शामिल है , में कई आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ौदा किसान पखवाड़ा का आयोजन कर लगभग 1,00,000 किसानों तक पहुंचने और उनको बैंक से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है |
अयोध्या में मेगा किसान मेले का उद्घाटन बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक श्री अजय के खुराना और बैंक ऑफ बड़ौदा के लखनऊ अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख समीर रंजन पंडा ने किया।
इस अवसर पर बोलते हुए, बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक, श्री अजय के खुराना ने कहा, “बैंक ऑफ बड़ौदा के पास किसानों व कृषि ग्राहकों का एक विश्वासी और मजबूत आधार है | बैंक ऑफ़ बड़ौदा कृषि क्षेत्र की सेवा करने वाले अग्रणी बैंकों में से एक है। हमें अयोध्या में इस मेगा किसान मेले का आयोजन करते हुए बहुत खुशी हो रही है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ अंचल में, 675 से अधिक शाखाएँ इस वर्ष के बड़ौदा किसान पखवाड़ा में भाग लेंगी। हम किसान बैठकें, चौपाल और किसान मेले जैसे कई कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जो हमें कृषक समुदाय के साथ जुड़ाव बढ़ाने और हमारे सम्मानित किसानो व कृषि ग्राहकों की बैंकिंग और वित्तपोषण आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेंगे।”
बैंक ऑफ बड़ौदा की लखनऊ अंचल में 859 शाखाएँ हैं, जिनमें से 605 अर्ध-शहरी/ग्रामीण शाखाएँ हैं। 30 सितंबर 2023 तक लखनऊ अंचल में कृषि क्षेत्र को प्रदान किए गए ऋण में वर्ष -दर-वर्ष 10.67% की वृद्धि हुई है। लखनऊ अंचल में 2022 में आयोजित बड़ौदा किसान पखवाड़ा के दौरान, बैंक ऑफ बड़ौदा ने किसान बैठकों जैसे कुल 2,933 संपर्क कार्यक्रम ,मेले, चौपाल, मृदा परीक्षण और मवेशियों और किसानों के लिए स्वास्थ्य शिविर आदि और इस अवधि के दौरान 91,000 से अधिक किसानों को अपने साथ जोड़ने में सफल रहा तथा 240 करोड़ रूपये से अधिक के कृषि ऋण स्वीकृत किये गये |
बड़ौदा किसान पखवाड़ा के दौरान, बैंक ऑफ बड़ौदा किसानों तक पहुंचेगा और “घर-घर केसीसी अभियान” के तहत किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि उत्पादों, योजनाओं/ऑफर , कृषक समुदाय के लाभ के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा पेश किए गए डिलीवरी चैनल तथा विभिन्न पहलों के बारे में जागरूकता पैदा करेगा | यह आयोजन भारत सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न आत्मनिर्भर भारत अभियान से सम्बन्धित योजनाओं जैसे कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ), पशुपालन अवसंरचना विकास निधि (एएचआईडीएफ), प्रसंस्करण उद्यम योजना (पीएम-एफएमई),प्रधान मंत्री मत्स्य सम्पदा योजना (पीएमएमएसवाई), सूक्ष्म खाद्य का पीएम फार्मलाइजेशन जैसे लाभकारी योजनाओं को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button