सहारा हॉस्पिटल में बच्चे के गुर्दे में सूजन व पेशाब रुकने की समस्या से दिलायी गयी निजात
चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड से पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग ने ऑपरेशन को दिया अंजाम

लखनऊ : मुरादाबाद के रहने वाले 3 वर्षीय बच्चे को दोनों गुर्दों में पेशाब में रुकावट की समस्या थी, जिसके लिए उनके परिवार ने सहारा हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक सर्जन डॉक्टर गौरव सिंह को लगभग छः महीने पहले दिखाया। बच्चे को देखने पर पता चला कि उसको हाइड्रोनेफ्रोसिस की समस्या है यानि उसकी दोनों गुर्दे में बहुत सूजन है, तब डॉक्टर गौरव ने ऑपरेशन की सलाह दी। ऑपरेशन करने के छः महीने पहले डॉक्टर ने एक गुर्दे में छोटा सा प्रोसीजर करके 300 एम.एल. पेशाब निकाला, जिससे कि एक गुर्दे की सूजन में कुछ कमी आयी। इसके बाद जब मरीज को ऑपरेशन की बात कही गयी तो मरीज बेहद निराश हो गया क्योंकि मरीज की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर थी। वह किसी भी तरह से सर्जरी का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं था। ऐसे में डॉक्टर गौरव ने उसे सहारा हॉस्पिटल में उपलब्ध चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड के माध्यम से ऑपरेशन करवाने की कोशिश करने की सलाह दी। फिर मरीज सहारा हॉस्पिटल में भर्ती हुआ और लगभग दो महीने बाद चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड मिलने पर ऑपरेशन करवाया। इस ऑपरेशन में किडनी और यूरेटर्स के बीच का जो जोड़ बंद हो गया था, जिसकी वजह से पेशाब के रास्ते में रुकावट आ रही थी और गुर्दे खराब होने की दशा में आ गए थे, उसको डॉक्टर व उनकी टीम ने ऑपरेशन करके नया जोड़ बनाया। इसके बाद मरीज का पेशाब का प्रवाह पहले की तरह हो गया। साथ ही गुर्दे की सूजन भी खत्म हो गयी। मरीज का ऑपरेशन लगभग चार घंटे चला। लगभग सात दिनों बाद बच्चे को डिस्चार्ज कर दिया गया।
चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड से और गुर्दों में रुकावट की समस्या से निजात पाकर बच्चे के परिजन बेहद सन्तुष्ट व खुश थे। उन्होंने यहां की सेवाओं व सुविधाओं के लिए भूरि प्रशंसा की व डॉक्टर का भी तहेदिल से धन्यवाद दिया।
सहारा इंडिया परिवार के वरिष्ठ सलाहकार अनिल विक्रम सिंहजी ने बताया कि हमारे अभिभावक सहाराश्रीजी की श्रेष्ठ सेवाएं देने की उत्कृष्ट सोच ने सहारा हॉस्पिटल का निर्माण करवाया है जहां हम निरंतर-नित मानव सेवा के प्रति समर्पित लक्ष्य की तरफ अग्रसर हैं। यही कारण है कि सहारा हॉस्पिटल में हर आयु, वर्ग और गम्भीर से गम्भीर स्थिति में सुदूर क्षेत्रों से आए मरीजों को उत्तम व सफल इलाज प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में सहारा हॉस्पिटल में चीफ मिनिस्टर फंड की सहायता से जटिल सर्जरी कर बच्चे को इलाज मिला। सिंह ने कहा कि सहारा हॉस्पिटल समय-समय पर हर सम्भव तरीके से जनमानस के प्रति समर्पित रहकर सेवाएं दे रहा है।



