पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मदन लाल खुराना जी की 87वीं जन्म जयंती
बाल सहयोग अनाथालय के जरुरतमंद बच्चों में खेल-खिलौने का वितरण किया

नई दिल्ली । दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मदनलाल खुराना की जयंती पर कनॉट प्लेस स्थित बाल सहयोग अनाथालय में खेल-खिलौने वितरित किए गए। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, स्व. खुराना जी की धर्मपत्नी श्रीमती राज खुराना, भाजपा मीडिया रिलेशन प्रभारी श्री विक्रम मित्तल ने बच्चों को खेल-खिलौने और खाद्य सामग्री वितरित की। बच्चों ने ईश्वर से प्रार्थना की और पूर्व मुख्यमंत्री जी को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संयोजन भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट और खुराना जी के नाती, श्री शिवम छाबड़ा ने किया। इस अवसर पर संयम छाबड़ा, श्री प्रवीण मल्होत्रा, श्री अंकित सेठी मौजूद थे।
वहां पर मौजूद 150 से अधिक के करीब अनाथ बच्चों के बीच खिलौने और खाने पीने की वस्तुएं बांटी गई। इस दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मदनलाल खुराना दिल्ली के शेर थे और आज भी हम उन्हें याद करते हैं।
1993 में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। श्री मदन लाल खुराना को मुख्यमंत्री बनकर दिल्ली की सेवा करने का अवसर मिला। खुराना जी के कण-कण में दिल्ली बसती थी। दिल्ली की समस्याएँ और उनके समाधान को उनसे बेहतर कोई नहीं जानता था, इसलिए उन्होंने दिल्ली की ट्रैफिक की समस्या को दूर करने का प्रण लिया था।
1994 में दिल्ली विधानसभा में अपना पहला बजट पेश करते वक्त खुराना जी की सरकार ने दिल्ली मेट्रो रेल काॅरपोरेशन के लिए बजट आवंटित कर इतिहास रच दिया था।



