चन्द्रशेखर आजाद पर किया गया जानलेवा हमला लोकतंत्र का गला घोटने जैसा : रामाशीष राय

लखनऊ । राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा कि आज आजाद समाज पार्टी द्वारा दिल्ली के जन्तर मन्तर में आयोजित किये गये विशाल धरना प्रदर्शन में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह तथा राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर उनका समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि यूपी के देवबंद में विगत 28 जून को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ था। जिसको लेकर घटना के अगले दिन ही राष्ट्रीय लोकदल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर चुका है और अब चन्द्रशेखर आजाद को सुरक्षा देने की मांग लगातार कर रहा है।
श्री राय ने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गये हैं कि वह आयेदिन किसी न किसी घटना को अंजाम दे रहे हैं और योगी सरकार कार्यवाही करने के बजाय स्वयं अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने कहा कि चन्द्रशेखर आजाद पर किया गया जानलेवा हमला लोकतंत्र का गला घोटने जैसा है। लचर कानून व्यवस्था के कारण लोकतांत्रिक देश में साम्प्रदायिक शक्तियां पैर पसार रहीं हैं। सरकार के कानून व्यवस्था के दावे भी जुमला साबित हो रहे है।
श्री राय ने चन्द्रशेखर आजाद को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच करायी जाय और चन्द्रशेखर आजाद को सुरक्षा दिलाई जाय। जिससे देश एवं प्रदेश में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



