उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

निशी का हुआ सम्मान तो शिक्षक आनन्द की आँखें हुईं गीली

गंजडुंडवारा :  जिन परिंदों को ऊँची उड़ान उड़नी होती है वो हवाओं के थपेड़ों को झेलते हुए भी आगे बढ़ते हैं । गंजडुंडवारा के एक छोटे से गांव पिथनपुर भुजपुरा की बेटी निशी कुछ ऐसी ही है । 14 वर्षीय इस बेटी ने कुछ दिनों पहले एक हादसे में अपने दो भाइयों को खो दिया । माता पिता इस सदमे से इतने टूट गए कि उनकी रोजी रोटी का साधन ही छूट गया । लगभग सब कुछ खोकर कानपुर छोड़कर अपने पैतृक गांव में खेती-बाड़ी का कार्य शुरू कर दिया । बेटी प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी ।

सहारा मिला गांव के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय का और खासकर आनंद सर का । आज निशी सरकारी स्कूल में सबके लिए मिसाल बन गई है ।  विविध विषयों पर भाषण देना, नृत्य, चित्रकला एवं खेलकूद में आगे रहती है इतना ही नहीं कक्षा 7 में पढ़ रही निशी अपनी ही कक्षा की मॉनिटर है और कई विषयों में अपने ही साथियों के साथ विषय पर चर्चा करती है और इस तरह कई बार वह एक आदर्श शिक्षिका के रूप में नजर आती है ।

यही हुनर गाँव के सभी लोगों को प्रभावित करने वाला विषय बन गया है । आज निशी विद्यालय की मेधावी छात्राओं में अग्रणी है । हाल में ही गंजडुंडवारा के खंड शिक्षा अधिकारी डॉ अभिषेक यादव, बेसिक शिक्षा विभाग, कासगंज के स्टेट रिसोर्स पर्सन जितेन्द्र सिंह कविराज और उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथनपुर भुजपुरा के प्रधानाध्यापक आनंद मोहन ने इस बेटी का सार्वजनिक अभिनंदन किया । इस अवसर पर निशी ने भावुक होते हुए जब अपने पारिवारिक संघर्ष को सदन में साझा किया तो कई लोगों की आँखेखें गीली हो गईं ।

ब्लॉक संसाधन केंद्र गंजडुंडवारा के शैक्षिक मंच पर जब बोलने का अवसर मिला तो उसने अंग्रेजी में धाराप्रवाह भाषण प्रारंभ कर दिया जिसका शीर्षक था चंद्रशेखर आजाद । सदन में बैठे हुए सैकड़ों शिक्षकों ने अलग-अलग ढंग से इस बेटी को बधाई दी । उत्साहित होकर नगर के ही एक शिक्षक नेता अलीम रजा ने ₹500 की राशि बेटी को सम्मान स्वरूप भेंट कर दी । प्रधानाध्यापक आनंद मोहन ने उसके सपने को साकार कराने का निश्चय कर लिया है उन्होंने निशि के परिवार का आश्वस्त किया कि वह जब तक चाहे तब तक पढ़े, उसकी पढ़ाई में पैसा कभी रुकावट नहीं बन सकेगा ।

निशी ने बताया कि उसका सपना जिलाधिकारी बनने का है । खंड शिक्षा अधिकारी अभिषेक यादव ने कहा कि बेटा तुम जब तक पढ़ना चाहो हम तुम्हारे साथ हैं और तुम निश्चय ही जिलाधिकारी बनोगी । निशी की इच्छा है कि वह किसी दिन कासगंज जनपद की जिलाधिकारी महोदया से मिलकर आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करे । विद्यालय के प्रधानाध्यापक आनंद मोहन ने बेटी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शीघ्र ही विद्यालय में ही जिलाधिकारी महोदया को ससम्मान आमंत्रित किया जाएगा और उस समय न केवल निशी को अपितु ऐसी ही अनेक बेटे-बेटियों को प्रेरणा मिले, ऐसा प्रयास किया जाएगा ।

इस अवसर पर एसआरजी योगेश कुमार कुशवाहा, एआरपी रवेन्द्र कुमार, राकेश कुमार, ऋषि शाक्य, सरिता सागर, शिक्षक नदीम अख़्तर, राम रतन सिंह, प्रवीण तिवारी, ओपी गुप्ता, अंजू चतुर्वेदी, सरिता चौहान, मेघा यादव, शिप्रा गुप्ता आदि अनेक शिक्षक मुख्य रूप से मौजूद रहे । बेटी को सम्मान स्वरूप शॉल, प्रशस्ति पत्र, उपहार एवं धनराशि भेंट की गई । एसआरजी जितेन्द्र सिंह ने जनपद में ऐसे मेधावी बेटों और बेटियों को सम्मानित करने के लिए आग्रह किया । इस अवसर पर आनंद मोहन ने घोषणा की कि प्रत्येक वर्ष जनपद से 21 मेधावी छात्रों को भव्य कार्यक्रम आयोजित कराते हुए सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button