उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

मेहनत करना कभी न छोड़ेंः मालिनी अवस्थी

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी का 'उल्लास उत्सव'

लखनऊ। प्रसिद्ध लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने नवोदित संगीत प्रतिभाओं का आह्वान किया है कि उन्हें कभी मेहनत से भागना नहीं चाहिए और जमकर मेहनत करनी चाहिए। वे बुधवार को उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के ‘उल्लास उत्सव’ में नवोदित संगीत प्रतिभाओं के पुरस्कार वितरण के अवसर पर विचार व्यक्त कर रही थीं। समारोह में अकादमी द्वारा 18 मंडलों में आयोजित संभागीय संगीत प्रतियोगिताओं के उपरान्त हुई प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में पिछले तीन वर्षों के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रदेश की नवोदित प्रतिभाएं एक सभागार में सिमट आई थीं।

श्रीमती अवस्थी ने कहा कि जो इस प्रतियोगिता की प्रक्रिया से गुजरा होगा, वही इसके महत्व को भली भांति समझ सकता है। मैं भी इस प्रतियोगिता के बाल वर्ग में भाग लेकर, जीतकर आज अपना स्थान बना सकी हूं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता आपको सिर्फ जीतना नहीं सिखाती, आपके आसपास लोग कैसा गा रहे हैं, किसकी कैसी तैयारी है, किसकी प्रस्तुति अच्छी है, किसके गुरु ने किस चीज पर अच्छा काम किया है, यह सब भी पता चलता है। ये प्रतियोगिता यह भी सिखाती है कि कम समय में अपनी श्रेष्ठ प्रतिभा का प्रदर्शन कैसे किया जा सकता है।  लोकगायिका ने कहा कि श्रीखंडे जी, सीताशरण जी, सुरेन्द्रशंकर अवस्थी, रंगनाथ मिश्र जी जैसे संगीत विद्वानों ने प्रादेशिक संगीत प्रतियोगिता में मुझे सुनकर प्रथम स्थान दिया था। उस समय संगीत के नए बच्चे कैसा गा रहे हैं, इसे सुनने के लिए शहर उमड़ पड़ता था।

मालिनी अवस्थी ने सुझाव दिया कि विजेताओं के लिए कई दिनों का एक उत्सव आयोजित किया जाए और पिछले वर्षों के विजेताओं को भी उनमें प्रस्तुति का अवसर प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस लंबी यात्रा में मैंने देखा है कि बहुत सारी प्रतिभाएं कहीं खो गईं। कई ऐसी युवा प्रतिभाएं थीं जिन्होंने उस वक्त अपनी प्रतिभा से चौंकाया था लेकिन उन्होंने संगीत बीच में छोड़ दिया। मैं इसलिए आह्वान करती हूं कि कभी मेहनत नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि शास्त्रीय संगीत मेरी आधारभूमि है। मैं कुछ भी गाऊं, शास्त्रीय संगीत कभी नहीं छोड़ती हूं। उन्होंने कहा कि सरकार आपको यहां तक ला सकती है लेकिन इसके आगे का सफर आपको तय करना है, अपने दर्शक, श्रोता खुद बनाने हैं।

इस मौके पर अकादमी के सचिव तरुण राज ने कहा कि विजेताओं की संगीत प्रस्तुतियों के लिए अकादमी द्वारा नवांकुर समारोह का आयोजन किया जाता है। इसे अधिक दिनों के लिए आयोजित कर ज्यादा से ज्यादा प्रतिभाओं को प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा। समारोह में कानपुर के युवा गायक आयुष द्विवेदी ने ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया। उन्होंने राग मुल्तानी में गायन किया और बाद में चारुकेशी में भक्ति रचना सुनाई। पखावज पर उनके साथ प्रमोद द्विवेदी ने संगत की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button