लखनऊ. महापौर संयुक्ता भाटिया ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का एक दिन सिर्फ महिलाओं के लिए आरक्षित करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।
महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि उन्होंने भी अक्सर सदन के दौरान महसूस किया था कि पुरुष सदस्यों की आवाज के दौरान महिला सदस्यों की आवाज दब जाती है, जिससे बाद विगत महिला दिवस 8 मार्च 2021 को सिर्फ महिलाओं का ही सदन चलाया गया था, जिसमे महिलाओं के ही मुद्दों पर चर्चा हुई थी और महिलाओं को अपनी पूरी बात रखने का अवसर मिला था। महिला सदन के दौरान पुरुष सदस्यों को प्रतिभाग करने पर रोक थी और महिला केंद्रित मुद्दों पर ही चर्चा की गयी थी। महापौर ने बताया कि मैं सदन के दौरान पहले महिला सदस्यों की बात को ही पूरा सुनने के बाद अन्य सदस्यों को बोलने की इजाजत देती हूँ। महापौर ने आगे कहा कि उक्त महिला सदन से कई महिलाओं की योजनाएं निकल कर आई थी जो आज धरातल पर है।
महापौर संयुक्ता भाटिया ने यूपी विधानसभा में महिलाओं को बोलने का अवसर देने पर कहा कि मुख्यमंत्री जी का यह कदम महिला सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगा और महिलाओं को अपनी बात बिना रोक टोक के खुलकर बोलने से उनमें आत्मविश्वास को प्रबलता मिलेगी. साथ ही महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हो सकेगी और निश्चित तौर पर आधी आबादी को इसका लाभ मिलेगा।