मंडल कार्यालय में ’सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर ‘सतर्कता सेमिनार’ का आयोजन

लखनऊ । केन्द्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार, पूर्वोत्तर रेलवेे सतर्कता संगठन द्वारा ‘‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’’ दिनांक 26 अक्टूबर से 01 नवम्बर 2026 तक पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय, गोरखपुर सहित सभी मण्डलों पर आयोजित किया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में लखनऊ मण्डल में ’सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) थीम पर चलाए जा रहे विशेष सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत मंडल कार्यालय के गंगोत्री सभागार में एक ‘सतर्कता सेमिनार’ का आयोजन किया गया।
सेमिनार की अध्यक्षता पूर्वाेत्तर रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री आदर्श खरे ने की, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल, अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा0) श्री भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू तथा समस्त शाखाधिकारी उपस्थित थे। सेमिनार के आरम्भ में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता ने मुख्यालय से आए सभी अधिकारियों का स्वागत एवं परिचय कराया।
इसके पश्चात वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी आदर्श खरे ने उपस्थित अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सतर्कता के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नौकरी के प्रथम दिन से ही सतर्कता अनिवार्य है। सभी अधिकारी दैनिक ड्यूटी के दौरान स्वयं को सतर्कता अधिकारी मानकर रेलवे बोर्ड के मानकों एवं निर्देशों का पालन करें। रेलवे बोर्ड की गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए टेंडर, कॉन्ट्रैक्ट, रिकॉर्ड कीपिंग तथा दस्तावेज सत्यापन की नियमित निगरानी करें। भ्रष्ट गतिविधियों में संलिप्त कर्मचारी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं सतर्कता नियमों का पालन प्रत्येक रेलकर्मी की साझा जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने IRVM-2018 के विभिन्न पैरा के बारे में विस्तृत जानकारियॉ भी दी, साथ ही शाखाधिकारियों के सतर्कता संबंधी भ्रम को परिचर्चा के माध्यम से दूर किया। तत्पश्चात् श्री राजेश कुमार गुप्ता ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मण्डल के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।
इसके उपरान्त आदर्श खरे ने ऐशबाग स्थित कोचिंग डिपो में विद्युत एवं कैरेज एण्ड वैगन विभाग के सुपरवाइजरों के साथ सतर्कता जागरुकता बैठक की। इस दौरान उन्होंने सतर्कता के प्रति सदैव जागरुक रहने को अनिवार्य बताया। उन्होंने सभी स्तरों पर कार्यों को सावधानीपूर्वक एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया साथ ही रेल हित में नियमानुसार कार्य करने की प्रतिबद्धता को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/बादशाहनगर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/कोचिंग, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/समाडि/समन्वय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सा0, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/परिचालन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मण्डल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/।, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/।।, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर/टीआरएस, कोचिंग डिपो अधिकारी/ऐशबाग, सहायक विद्युत इंजीनियर एवं जनसम्पर्क अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


