“पौधा लगाना ही काफी नहीं, उसकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है” : कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली | नई दिल्ली के मल्टी स्टोरी NDMC हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, अलीगंज में बड़ी संख्या में युवाओं, स्थानीय निवासियों, महिलाओं, बच्चों, RWA प्रतिनिधियों तथा NDMC अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (NDMC) के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने इस पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया। यह कार्यक्रम ‘#EkPedMaaKeNaam_OnSunday’ अभियान के लगातार 38वें रविवार के अवसर पर आयोजित किया गया।
यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरित है। इस अवसर पर लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है। असली जिम्मेदारी उसकी देखभाल करने और उसे बड़ा पेड़ बनाने की है। उन्होंने कहा कि पौधे को समय पर पानी देना, उसकी सुरक्षा करना और नियमित रूप से उसकी देखभाल करना जरूरी है।
उन्होंने कहा:“हम सभी को केवल पौधे लगाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और बड़े होकर पेड़ बनें। एक स्वस्थ पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी बड़ी विरासत है।”
श्री चहल ने कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और पर्यावरण की सुरक्षा में उनकी भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। यदि युवा आज पेड़ों की जिम्मेदारी लेते हैं, तो आने वाले समय में पर्यावरण के प्रति जागरूक समाज तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान भावनाओं और पर्यावरण को एक साथ जोड़ता है। जिस तरह एक माँ अपने बच्चों की देखभाल करती है, उसी तरह हमें भी लगाए गए पौधे की देखभाल करनी चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे तीन बातों को अपना संकल्प बनाएं:
पौधा लगाएं • पौधे की रक्षा करें • पौधे को पेड़ बनाएं
श्री चहल ने कहा कि पिछले 38 लगातार रविवारों से चल रहा यह अभियान अब केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं रहा है, बल्कि लोगों की भागीदारी से एक जन-अभियान बन रहा है। इसमें लगातार स्थानीय नागरिक, RWA, युवा, महिलाएं और NDMC कर्मचारी जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और RWA प्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़ी कुछ नागरिक समस्याएं भी श्री चहल के सामने रखीं। इनमें सीपेज, खिड़कियों की मरम्मत और अन्य सिविल मेंटेनेंस से संबंधित समस्याएं शामिल थीं।
श्री चहल ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्याओं का निरीक्षण करने और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों और RWA प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करने से क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका जल्द समाधान करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में सिविल, इलेक्ट्रिकल, स्वास्थ्य और हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। RWA के अध्यक्ष रविन्द्र सेंगलिया सहित अन्य सदस्यों ने भी पौधारोपण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।
श्री चहल ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल अधिक से अधिक पौधे लगाना नहीं, बल्कि हर लगाए गए पौधे को सुरक्षित रखकर उसे एक मजबूत पेड़ बनाना होना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा:
“आइए, हम केवल यह न गिनें कि कितने पौधे लगाए गए, बल्कि यह भी सुनिश्चित करें कि उनमें से कितने पौधे बड़े होकर पेड़ बने। हमारा आज का छोटा सा प्रयास आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण दे सकता है।”
उन्होंने सभी नागरिकों, RWAs, युवाओं और NDMC कर्मचारियों से मिलकर नई दिल्ली को और अधिक स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ बनाने का आह्वान किया।



