कालिंदी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर पल्लवी को मिली दिल्ली विश्वविद्यालय के 103 वें दीक्षांत समारोह में पीएचडी की उपाधि

नई दिल्ली । दिल्ली विश्वविद्यालय के 103 वें दीक्षांत समारोह में कालिंदी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर पल्लवी को हिंदी पत्रकारिता पर सोशल मीडिया का प्रभाव विषय पर पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। पल्लवी प्रोफेसर हंसराज सुमन की बेटी है । उन्होंने भी हिंदी पत्रकारिता पर प्रौद्योगिकी परिवर्तन का प्रभाव विषय पर पीएचडी की है और वर्तमान में अरबिंदो कॉलेज के हिंदी विभाग में प्रोफेसर हैं । पल्लवी ने अपना शोध कार्य प्रोफेसर केपी सिंह और प्रो.चंद्रप्रकाश मिश्र के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न किया। पल्लवी के शोध में डिजिटल क्रांति के दौर में हिंदी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका, समाचारों के प्रसार, जनमत निर्माण तथा पत्रकारिता की सामाजिक जिम्मेदारियों का व्यापक विश्लेषण किया गया है। शोध में इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया है कि सोशल मीडिया ने पारंपरिक पत्रकारिता की कार्यप्रणाली को किस प्रकार प्रभावित किया है और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने समाचार एवं सूचना के आदान-प्रदान को किस तरह अधिक त्वरित, व्यापक और संवादपरक बनाया है।
शोधार्थी पल्लवी ने बताया है कि सोशल मीडिया आज पत्रकारिता का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। फेसबुक, एक्स, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए समाचारों की पहुंच समाज के विभिन्न वर्गों तक बढ़ी है। नागरिक पत्रकारिता को प्रोत्साहन मिला है तथा आम लोगों को अपनी बात रखने और सामाजिक मुद्दों पर जनमत बनाने का अवसर प्राप्त हुआ है। शोध में सोशल मीडिया के सकारात्मक प्रभावों के साथ-साथ फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं, अपुष्ट समाचारों, पत्रकारिता की विश्वसनीयता और नैतिक मूल्यों से जुड़ी चुनौतियों को भी रेखांकित किया गया है। इसमें डिजिटल पत्रकारिता के लिए तथ्यात्मक सत्यता, निष्पक्षता, जिम्मेदारी और विश्वसनीयता को बनाए रखने की आवश्यकता भी महत्वपूर्ण हो गई है ।
पल्लवी के पिता प्रोफेसर हंसराज सुमन पत्रकारिता के क्षेत्र में जाना माना नाम है, अरबिंदो कॉलेज में प्रोफेसर व मीडिया विश्लेषक हैं । उन्होंने भी दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता में पीएचडी की है । पल्लवी की माँ श्री मती सरिता सुमन ने बेटी पल्लवी के पीएचडी करने पर बधाई और आशीर्वाद दिया है । पिता प्रोफेसर हंसराज सुमन ने भावुक होते हुए कहा — आज मैं बहुत खुश हूं , एक पिता के लिए इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है कि उनकी बेटी पल्लवी उससे भी आगे निकल जाए । पल्लवी ने रात दिन मेहनत की है और उसने साबित कर दिया कि अगर बेटी को मौका दिया जाए तो बेटो से भी आगे निकल सकती है । आज मेरी बेटी ने मेरा सपना पूरा कर दिया । पल्लवी को पीएचडी की उपाधि मिलने पर कहा कि — पिता मेरे आदर्श ही नहीं गुरु भी हैं , उन्होंने ही मुझे सिखाया है कि पत्रकारिता एक मिशन है , समाज की सेवा है , सच लिखना और गरीब की आवाज बनना। मैंने अपने शोध कार्य में मीडिया की वास्तविक स्थिति को दर्शाया है । प्रोफेसर सुमन ने बताया है कि पल्लवी द्वारा किया गया शोध हिंदी पत्रकारिता के डिजिटल परिवर्तन और समकालीन मीडिया परिदृश्य को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान माना जाएगा । सूचना क्रांति के इस दौर में जिस तरह से सोशल मीडिया आज की आवश्यकता बन गया है , हर व्यक्ति की चाह और आवश्यकता है । सोशल मीडिया ने समाचारों के प्रसार, जनमत निर्माण और पत्रकारिता की कार्यशैली को नई दिशा दी है । पल्लवी की इस उपलब्धि पर दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षकों , कालिंदी कॉलेज के शिक्षकों , मित्रों , शुभचिंतको ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है ।


