भाजपा लखनऊ महानगर की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न

लखनऊ। हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में भाजपा लखनऊ महानगर की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने की। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं, पार्टी द्वारा निर्धारित विभिन्न आयामों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों एवं अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर से 16 नवंबर तक भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा पांच दिवसीय विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विधानसभा से लेकर मंडल स्तर तक संयोजकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि शक्ति केंद्र संयोजक बूथ अध्यक्षों से संपर्क एवं समन्वय स्थापित करें तथा मंडल स्तर पर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। प्रत्येक बूथ पर प्रतिदिन 50 फार्म भरवाने का लक्ष्य रखा गया है।पार्षदों को 500 तथा मोर्चा अध्यक्षों को 1000 फार्म भरवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।भरे हुए फार्म संबंधित बीएलओ को जमा कराकर उसकी रसीद भी अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए, जिससे अभियान की प्रगति सुनिश्चित हो सके।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि बैठक में विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, अंजनी श्रीवास्तव, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर, उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, सीता नेगी, जीडी शुक्ला, सौरभ वाल्मीकि, दीपू शुक्ला, मानवेन्द्र सिंह, मंत्री सतीश मिश्रा, पंकज सक्सेना, राजेश चौधरी, मयंक बाजपेई, मोर्चा अध्यक्ष कुंदन गौतम सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



