उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में NDMC को 50 हजार से 3 लाख तक की जनसंख्या वाली श्रेणी में ‘स्वच्छ शहर’ का दूसरा स्थान

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने NDMC को किया सम्मानित

नई दिल्ली : नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने शहरी स्वच्छता एवं साफ-सफाई के क्षेत्र में अपने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 पुरस्कार समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने NDMC को प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार NDMC के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी तथा उपाध्यक्ष कु लजीत सिंह चहल ने प्राप्त किया।

NDMC उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि यह उपलब्धि  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  के स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प तथा स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर और विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में NDMC के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप मिला है और NDMC इसी भावना के अनुरूप आधुनिक तकनीक, मशीनीकरण, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा जनभागीदारी के माध्यम से नई दिल्ली को स्वच्छता का आदर्श मॉडल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि NDMC क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना एक विशिष्ट और चुनौतीपूर्ण कार्य है, क्योंकि यह देश की राजधानी का अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यालय, विदेशी दूतावास, राजनयिक मिशन, ऐतिहासिक एवं विरासत स्थल, व्यावसायिक केंद्र, प्रमुख बाजार और पर्यटन स्थल स्थित हैं। इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, कनॉट प्लेस, चाणक्यपुरी, जनपथ, खान मार्केट और सरोजिनी नगर जैसे क्षेत्रों में प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, खरीदार, स्थानीय नागरिक एवं अन्य आगंतुक आते हैं। इन क्षेत्रों में भारी फुटफॉल और निरंतर सार्वजनिक गतिविधियों के कारण सफाई व्यवस्था को दिनभर सुचारू बनाए रखना एक बड़ी जिम्मेदारी है। इसके बावजूद NDMC ने आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और समर्पित स्वच्छता कर्मियों के सहयोग से स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखा है।

इस अवसर पर NDMC अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में NDMC ने 50 हजार से 3 लाख तक की जनसंख्या वाले शहरी स्थानीय निकायों की श्रेणी में ‘स्वच्छ शहर’ के रूप में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि स्वच्छता, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, नवाचार, आधुनिक स्वच्छता पद्धतियों और सक्रिय नागरिक भागीदारी के प्रति परिषद की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि NDMC का उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों और यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ, स्वस्थ एवं बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। इस सम्मान से देश के अग्रणी शहरी स्थानीय निकायों में NDMC की स्थिति और मजबूत हुई है।

रैंकिंग में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन और राष्ट्रीय पहचान

NDMC ने स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न संस्करणों में लगातार उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। परिषद ने वर्ष 2020 में सबसे स्वच्छ राजधानी का सम्मान, वर्ष 2022 में एक से तीन लाख की जनसंख्या वाली श्रेणी में देश का सबसे स्वच्छ छोटा शहर तथा वर्ष 2023 में सबसे स्वच्छ केंद्र शासित प्रदेश का सम्मान प्राप्त किया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में भी NDMC को लगातार उत्कृष्ट स्वच्छता प्रदर्शन के लिए ‘सुपर स्वच्छ लीग सिटी’ में स्थान मिला।

पिछले वर्षों में NDMC की रैंकिंग में निरंतर बेहतर प्रदर्शन परिषद की संस्थागत प्रतिबद्धता, प्रभावी कार्यप्रणाली और स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न संस्करणों में NDMC ने क्रमशः प्रथम, तृतीय और सातवें स्थान सहित सुपर स्वच्छ लीग में अपनी पहचान बनाए रखी है।

रात्रिकालीन सफाई अभियान से स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती

NDMC क्षेत्र में दिनभर रहने वाले भारी फुटफॉल और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए परिषद ने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ किया है। इसके अंतर्गत सड़कों, प्रमुख बाजारों, फुटपाथों, सार्वजनिक स्थलों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में रात के समय विशेष सफाई अभियान चलाया जाता है, ताकि दिनभर जमा होने वाले कचरे को हटाकर सुबह नागरिकों, पर्यटकों और कार्यालय जाने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। रात्रिकालीन सफाई के दौरान मशीनीकृत रोड स्वीपिंग, कचरा उठाने, सड़क धुलाई तथा आवश्यकतानुसार प्रेशर-जेट मशीनों का उपयोग किया जाता है। यह व्यवस्था न केवल दिन के समय यातायात और सार्वजनिक गतिविधियों में बाधा को कम करती है, बल्कि अगले दिन की शुरुआत स्वच्छ सड़कों और बेहतर सार्वजनिक वातावरण के साथ सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

आधुनिक मशीनों और तकनीक से सफाई व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण

स्वच्छता सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए NDMC ने मशीनीकृत सड़क सफाई, व्यवस्थित रात्रिकालीन सफाई अभियान तथा सुबह-सुबह फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों की प्रेशर-जेट मशीनों से सफाई की व्यवस्था विकसित की है। 11 मैकेनिकल रोड स्वीपर, 20 गॉब्लर मशीनों और विशेष जेटिंग उपकरणों के माध्यम से परिषद ने अपनी सफाई क्षमता में वृद्धि की है।

‘बियॉन्ड ऑफिस सर्कल’ पहल के अंतर्गत 14 विभागाध्यक्षों को सर्कल नोडल अधिकारी बनाया गया है, जिससे समन्वित मैदानी निरीक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कमियों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, तीन विशेष स्वच्छता दस्तों तथा 346 सार्वजनिक शौचालयों की निगरानी के लिए नेतृत्व आधारित कार्यक्रम के माध्यम से जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है।

वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और नागरिक भागीदारी पर विशेष जोर

NDMC ने वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और संसाधनों की पुनर्प्राप्ति पर भी विशेष ध्यान दिया है। परिषद प्रतिदिन लगभग 300 टन नगरपालिका ठोस कचरे का प्रसंस्करण करती है, जबकि इसकी उपलब्ध प्रसंस्करण क्षमता 509 टन प्रतिदिन है। आठ माइक्रो मटेरियल रिकवरी सुविधाएं तथा रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल (RRR) केंद्रों का नेटवर्क टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा दे रहा है।

‘अनुपम कॉलोनियां’ पहल के अंतर्गत नौ आवासीय कॉलोनियों में स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण, जैविक कचरे का विकेंद्रीकृत प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसके साथ ही ‘रोको-टोको अभियान’, कचरा मुक्त बाजार पहल, जागरूकता अभियान तथा NDMC 311 मोबाइल एप्लिकेशन और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1533 के माध्यम से डिजिटल शिकायत निवारण व्यवस्था द्वारा परिषद नागरिकों को जिम्मेदार व्यवहार और सक्रिय जनभागीदारी के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।

सामूहिक प्रयासों का राष्ट्रीय सम्मान

यह उपलब्धि NDMC के सफाई कर्मचारियों, पालिका सहायकों, मैदानी अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, बाजार संघों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। परिषद आधुनिक उपकरणों और बेहतर निगरानी के माध्यम से नगरपालिका सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ स्वच्छता कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान के प्रति भी प्रतिबद्ध है।

श्री चहल ने कहा कि भारत की माननीय राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान NDMC के लिए गौरव का विषय है और साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने की जिम्मेदारी को और मजबूत करता है। NDMC नवाचार, मशीनीकरण, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, संस्थागत जवाबदेही और निरंतर जनभागीदारी के माध्यम से नई दिल्ली को और अधिक स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर एवं टिकाऊ शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

…………………………

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button