दीदी की रसोई ट्रस्ट का 5वां स्थापना दिवस एवं दीपावली महोत्सव धूमधाम से मनाया गया
सेवा, समर्पण और मानवता का पांच वर्ष का सफर — मजदूरों की रसोई बनी मिसाल

नोएडा : दीदी की रसोई ट्रस्ट का पांचवां स्थापना दिवस एवं दीपावली का पावन पर्व आज ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष रितु सिन्हा के नेतृत्व में सेक्टर 14-ए कम्युनिटी सेंटर, नोएडा पर बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमामय और भव्य वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मजदूर नेता श्री गंगेश्वर दत्त शर्मा, शहर के जाने-माने प्रसिद्ध समाजसेवी श्री अशोक श्रीवास्तव, श्रीमती मंजू सूद, श्री सतीश शर्मा, श्री अनिल सिंह, श्रीमती गिरिजा देवी, श्री पी.सी. पंचोली सहित शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।
सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में ट्रस्ट के 5वें स्थापना दिवस एवं दीपावली के पावन पर्व, गोवर्धन पूजा, भैया दूज एवं छठ पर्व की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि दीदी की रसोई ट्रस्ट ने मात्र पांच वर्षों में ही मानव सेवा के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है। ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रितु सिन्हा के सामाजिक कार्यों और विशेष रूप से मजदूरों, जरूरतमंदों व असहाय लोगों की मदद के लिए चलाई जा रही रसोई की सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
वक्ताओं ने कहा — “जहां भूख है, वहां दीदी की रसोई है। यह सिर्फ रसोई नहीं, यह ममता, सम्मान और मानवता का मंदिर है।”
कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में श्रीमती गुड़िया देवी, श्रीमती सुमति, श्री मुन्ना कुमार, श्रीमती मंजू शर्मा, श्रीमती मंजू मेहरा, श्री नवीन पुरवार, श्रीमती सविता देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान दीपावली की खुशियां, एकता और सेवा का भाव देखने को मिला। अतिथियों का फूल-माला एवं अंगवस्त्र से सम्मान किया गया।
अंत में ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती रितु सिन्हा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि — “दीदी की रसोई ट्रस्ट का संकल्प है कि कोई भी भूखा न सोए। यह सेवा यात्रा आगे भी इसी समर्पण के साथ जारी रहेगी।”



