डोमिनगढ़ स्टेशन की बदलेगी सूरत, यात्री सुविधाओं के उन्नयन के लिए कई कार्य पूर्ण

लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में डोमिनगढ़ स्टेशन पर विभिन्न यात्री सुविधा विकास कार्य तथा स्टेशन सौंदर्यीकरण समेत विभिन्न उन्नयन कार्य कराने का क्रम जारी है।
इन कार्यों के अंतर्गत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, पहुंच मार्ग, प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, बैठने की व्यवस्था, जलापूर्ति संबंधी संरचनाओं तथा पार्क के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टेशन परिसर में कराए गए इन कार्यों से जहां आधारभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है, वहीं यात्रियों के आवागमन, बैठने की व्यवस्था एवं स्टेशन के समग्र स्वरूप को बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
सर्कुलेटिंग एरिया एवं पहुंच मार्ग का सुदृढ़ीकरण
स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे क्षेत्र के सर्कुलेटिंग एरिया एवं पहुंच मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इससे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन के लिए बेहतर सतह उपलब्ध होगी तथा स्टेशन के प्रवेश क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
प्लेटफॉर्म-1 के नवीनीकरण पर विशेष फोकस
प्लेटफॉर्म-1 की पुरानी एवं क्षतिग्रस्त प्रीमिक्स कारपेट सतह के स्थान पर सीसी विद वी.डी.सी. (बिटुमिनस कंक्रीट) के माध्यम से नई सतह तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म के पुराने कॉपिंग स्टोन को बदलने का कार्य भी किया जा रहा है। इन कार्यों का उद्देश्य प्लेटफॉर्म की स्थिति में सुधार करना तथा यात्रियों के लिए बेहतर एवं सुव्यवस्थित यात्री क्षेत्र विकसित करना है। प्लेटफॉर्म के किनारे लगी रेल फेंसिंग को व्यवस्थित करके स्थापित किया गया है।
यात्री शेड एवं बैठने की व्यवस्था का नवीनीकरण
प्लेटफॉर्म संख्या-1 के शेड के आच्छादित हिस्से में ग्रेनाइट लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर पूर्व से निर्मित ईंटों की बेंचों को फर्श निर्माण के बाद उचित ऊंचाई पर व्यवस्थित कर उन पर ग्रेनाइट लगाया गया है। इससे बैठने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ प्लेटफॉर्म के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिला है।
जलापूर्ति संबंधी संरचना का सुधार
स्टेशन पर पुराना ईंट-निर्मित वाटर हाइड्रेंट जर्जर अवस्था में था। यात्रियों की सुविधा एवं संरचना के बेहतर रखरखाव को ध्यान में रखते हुए इसे बदलकर स्टील वाटर हाइड्रेंट स्थापित किया गया है। इस कार्य से पुरानी संरचना के स्थान पर अधिक व्यवस्थित एवं टिकाऊ व्यवस्था विकसित की गई है।
प्लेटफॉर्म पर पहुंच को बेहतर बनाने की पहल
प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए बने पुराने रैंप की ग्रेडिंग एवं ढलान को सुधारकर व्यवस्थित किया गया है। रैंप पर फेंसिंग लगाने का कार्य प्रगति पर है। इस सुधार से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के मार्ग को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
पार्क के सौंदर्यीकरण से स्टेशन परिसर को मिला नया स्वरूप
स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया के सामने स्थित पार्क की रेलिंग को बदल दिया गया है तथा वहां कारपेट ग्रास लगाई गई है। इससे स्टेशन के सामने के क्षेत्र को अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिली है। स्टेशन परिसर में हरित क्षेत्र का विकास यात्रियों के स्वागत क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
प्लेटफॉर्म पर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित
स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की गई है। इससे स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ उसे एक विशिष्ट पहचान प्रदान करने का प्रयास किया गया है।
पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में सुधार, आधारभूत संरचनाओं के रखरखाव तथा परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। डोमिनगढ़ स्टेशन पर कराए गए ये कार्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। मंडल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्टेशन परिसरों को अधिक सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं यात्री-अनुकूल बनाना है।



