उ.प्र. के अपने दल के मुख्यमंत्री के खिलाफ पदयात्रा निकाल रही भाजपा : अभय दुबे

लखनऊ । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उ.प्र. कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि केन्द्र सरकार के मंत्री के नेतृत्व में आज लखनऊ में निकाली गयी पदयात्रा अपने ही दल के मुख्यमंत्री के खिलाफ है क्योंकि स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदेश के एक करोड़ 27 लाख वोटर के नाम काटे जाने का दुखड़ा रो रहे हैं और भाजपा प्रजातंत्र बचाओ पदयात्रा निकाल रही है। वास्तविकता तो यह है कि भाजपा की प्रजातंत्र बचाओ पदयात्रा नहीं, बल्कि यह भाजपा से प्रजातंत्र बचाओ पदयात्रा है। भाजपा अपने ही मुख्यमंत्री के खिलाफ पदयात्रा निकाल रही है।
श्री दुबे ने कहा कि भारत दुनिया का एक ऐसा लोकतांत्रिक देश है जहां व्यक्ति वयस्क होते ही स्वतः मतदाता बन जाता है। उन्होने कहा कि यह सर्वविदित है कि देश के पहले चुनाव आयुक्त सुकुमार सेन थे उन्होने बिना मतदाता सूची तैयार हुए चुनाव कराने से इंकार कर दिया था। देश में हुए पहले चुनाव के पूर्व मतदाता सूची तैयार होने के बाद उस सूची में सुधार करने के बाद चुनाव कराया गया। आज देश में ज्ञानेश कुमार गुप्ता ने इस लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्राणघातक हमला किया है।
श्री दुबे ने कहा कि एसआईआर में गड़बड़ी का सबसे पहले मुद्दा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी ने उठाया। बिहार में जो एसआईआर हुआ उसमें ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम ने वर्ष 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाकर केवल उसमें दर्ज लोगों को ही नागरिक माना और बाकी लोगों को अपनी नागरिकता सिद्ध करनी पड़ी। उसके उपरान्त पश्चिम बंगाल में भी यही किया गया और अब उत्तर प्रदेश में यही किया जा रहा है। मीडिया में सामने आई जानकारी के अनुसार दोनों चुनाव आयुक्तों ने अपनी नोटिंग में कहा कि फार्म 6 में बदलाव की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया से मिली। चुनाव आयोग ने 26 अक्टूबर 2026 को सर्वोच्च न्यायालय में दिये गये शपथपत्र में केवल एसआईआर के तीन आदेशों को सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय बताया है, जबकि फार्म 6 और ईसीआईनेट से जुड़े निर्णयों के बारे में सर्वसम्मति की बात नहीं कही है। वास्तविकता यह है कि इन निर्णयों में सबकी सहमति नहीं ली गयी और अकेले ज्ञानेश कुमार ही निर्णय ले रहे थे।
अभय दुबे ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ज्ञानेश गुप्ता बचाओ पदयात्रा राजधानी लखनऊ में निकाल रहे हैं। मंदसौर में इन्होने किसानों पर गोली चलवायी और व्यापम घोटाले से लाखों युवाओं का भविष्य चौपट किया। वास्तविकता तो यह है कि ज्ञानेश कुमार के समर्थक आज प्रजातंत्र और संविधान के खिलाफ हैं।
लखनऊ में शिवराज सिंह चौहान द्वारा यह कहे जाने कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश से 49 प्रतिशत परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर ला दिया है श्री दुबे ने कहा कि श्री शिवराज सिंह जो यह कह रहे हैं यह वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट है जो प्रधानमंत्री ने भेजी है। श्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरी रिपोर्ट नहीं पढ़ी है उसी वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में 57 प्रतिशत भीषण गरीबी की रेखा में जीवन यापन करने की रिपोर्ट दी गयी है।
श्री दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनादेश के बजाए ज्ञानादेश लेना चालू कर दिया है। लोकतंत्र में करके गड्ढा, उसे भरने का प्रयास कर रहे जेपी नड्डा। अंत में श्री दुबे ने कहा कि सत्य पर पर्दा डालने के लिए ज्ञानेश कुमार के लोग ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए देश में पदयात्रा निकाल रहे हैं।



