भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर नेहरू पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सम्मिलित हुए और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा एवं अन्य नेता भी उपस्थित रहे

नई दिल्ली : भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर चाणक्यपुरी स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर, नेहरू पार्क में विशाल सत्संग, हवन एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया।
इस पावन अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सम्मिलित हुए और संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया एवं श्रद्धालुओं को संबोधित किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में देशभर से पधारे संत-महात्माओं, धर्माचार्यों एवं हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन-दर्शन, उनके आध्यात्मिक योगदान और ‘रामायण’ के माध्यम से समाज को दिए गए नैतिक, सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों का स्मरण किया गया।
संतों ने अपने प्रवचनों में सामाजिक समरसता, भाईचारे, सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत वैदिक हवन, भजन-कीर्तन, विशाल सत्संग एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्री नितिन नबीन ने कहा:
“महर्षि वाल्मीकि जी केवल आदि कवि नहीं, वे समाज सुधारक और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के मार्गदर्शक थे। उन्होंने _’यथा राजा तथा प्रजा’_ के सिद्धांत से हमें राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दी। महर्षि वाल्मीकि के विचारों से समाज में सद्भाव, समानता और सकारात्मकता का भाव जागृत हो। उनके आदर्शों पर चलकर ही हमारा देश प्रगति के नए शिखर छुएगा। वाल्मीकि समाज सहित सभी अनुयायियों को प्रकटोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं।”
*दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा:*
“भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं हमें सत्य, न्याय, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उनका संदेश आज भी सामाजिक एकता और समरसता की नींव को मजबूत करता है। दिल्ली भाजपा उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज सेवा के लिए संकल्पित है।”
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा की सह-प्रभारी दर्शना जरदोश, दिल्ली सरकार में मंत्री रविन्द्र इंद्रराज, राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल मिश्रा, महामंत्री विष्णु मित्तल एवं मोहन लाल गिहारा, जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र बब्बर, प्रदेश मीडिया रिलेशन प्रमुख शुभेंदु शेखर अवस्थी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंडलेश्वर स्वामी विवेक नाथ जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा एवं धर्माचार्य उपस्थित रहे। देवी दीपिका चंदेल, रूपेश मेहरा, महंत शिवम नाथ और महंत राजू नाथ चंदेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।



