प्रधानमंत्री मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा लखनऊ महानगर का जोरदार प्रदर्शन
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता उतरे सड़क पर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से माफी की मांग

लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा लखनऊ महानगर ने महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन लालजी टंडन ‘बाबूजी’ की प्रतिमा स्थल से शुरू होकर हजरतगंज चौराहे तक आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री के प्रति की गई टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया और खरगे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की भाषा की अपेक्षा नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है।
अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस लगातार राजनीतिक हताशा और बौखलाहट में इस तरह की बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विपक्ष को नीतियों और कार्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए, न कि अमर्यादित टिप्पणियों के माध्यम से राजनीतिक वातावरण को दूषित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की जनता राजनीतिक दलों की सोच, उनके व्यवहार और उनकी कार्यशैली को भली-भांति समझती है। कांग्रेस की इस तरह की बयानबाजी का जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस सहित उनकी सहयोगी विपक्षी दलों को उनके आचरण और राजनीति का जवाब देगी।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक डॉ नीरज बोरा, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, मानवेंद्र सिंह, सीता नेगी, महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकतागण उपस्थित रहें।



